कर्नाटक एसआईआर: 1.07 करोड़ से ज्यादा वोटर एएसडीडीओ के तौर पर चिह्नित
बेंगलुरु, 18 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक में मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) के तहत कुल मतदाताओं में से 1.07 करोड़ से ज्यादा (यानी 19.48 प्रतिशत) मतदाताओं को एएसडीडीओ कैटेगरी में चिह्नित किया गया है।
एएसडीडीओ का मतलब पहले ही शिफ्ट हो चुके, मृत, डुप्लिकेट या अन्य लोग हैं। यह जानकारी प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने मंगलवार को दी।
कुल 1,07,96,415 मतदाताओं को एएसडीडीओ कैटेगरी में रखा गया है, जबकि 4,46,35,899 मतदाताओं (यानी 80.52 प्रतिशत) के एन्यूमरेशन फॉर्म (ईएफ) डिजिटाइज किए गए हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार, 16 जून 2026 तक कर्नाटक में 5,54,32,314 मतदाता थे। घर-घर जाकर गिनती और डिजिटाइजेशन का काम 30 जून से 17 अगस्त तक किया गया।
एएसडीडीओ के तहत मार्क किए गए मतदाताओं में से 65,45,721 (यानी कुल मतदाताओं का 11.81 प्रतिशत) को स्थायी रूप से शिफ्ट हो चुके मतदाताओं की कैटेगरी में रखा गया है। वहीं, 16,39,871 मतदाताओं (यानी 2.96 प्रतिशत) को मृत घोषित किया गया है।
कुल 15,17,056 मतदाताओं (यानी 2.74 प्रतिशत) को ऐसे मतदाताओं की कैटेगरी में रखा गया है, जिनका पता नहीं चल सका या जो अनुपस्थित पाए गए। 7,09,875 मतदाताओं (यानी 1.28 प्रतिशत) को पहले से ही नामांकित मार्क किया गया है, जबकि 3,83,892 मतदाता (यानी 0.69 प्रतिशत) 'अन्य' कैटेगरी में आते हैं।
सीईओ कार्यालय ने बताया कि उसने सभी 5,54,32,314 एन्यूमरेशन फॉर्म बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रिंट करके बांटे, जिससे 100 प्रतिशत कवरेज हासिल हुआ। डिजिटाइजेशन की स्थिति में एएसडीडीओ -मार्क किए गए वोटर भी शामिल हैं, जिससे इस प्रक्रिया के तहत डिजिटाइज किए गए कुल ईएफ की संख्या 5,54,32,314 या 100 प्रतिशत हो गई है।
इस बीच, 7,13,077 वोटरों (यानी 1.29 प्रतिशत) ने अपने एन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन जमा किए हैं। सीईओ ऑफिस ने बताया कि उसने एएसडीडीओ-मार्क किए गए वोटरों की लिस्ट राजनीतिक दलों को दे दी है, और यह वेरिफिकेशन के लिए बीएलओ के पास भी उपलब्ध है।
ऑफिस ने कहा कि जो वोटर मानते हैं कि उन्हें गलत तरीके से एएसडीडीओ कैटेगरी में मार्क किया गया है, वे संबंधित बीएलओ या इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ईआरओ) के जरिए अपने एन्यूमरेशन फॉर्म को वापस लेने (रोलबैक) की मांग कर सकते हैं।
सीईओ कार्यालय ने यह भी बताया कि एसआईआर-2026 के तहत एएसडीडीओ (यूईएफ) वोटरों की लिस्ट उसकी ऑफिशियल वेबसाइट पर उपलब्ध है। बीबीएमपी/जीबीए इलाकों में, जो लोग वोटर लिस्ट में अपना नाम शामिल करवाना चाहते हैं, उनके लिए लगभग 10 लाख 'फॉर्म 6' एप्लीकेशन प्रिंट करके संबंधित ईआरओ को बांटे गए हैं।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
