बोरिंग त्रासदी के बाद कर्नाटक सरकार ने राज्य के अस्पतालों की सुरक्षा ऑडिट का दिया आदेश, हफ्ते में देनी होगी रिपोर्ट
बेंगलुरु, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। बोरिंग एंड लेडी कर्जन अस्पताल में हादसे के बाद कर्नाटक सरकार हरकत में आ गई है। बुधवार रात भारी बारिश, ओलावृष्टि और आंधी के दौरान अस्पताल की कंपाउंड दीवार गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने गुरुवार को पूरे कर्नाटक में अस्पताल परिसरों का सुरक्षा ऑडिट कराने का आदेश दिया है, जिसमें बेंगलुरु के अस्पतालों पर खास ध्यान दिया जाएगा।
चिकित्सा शिक्षा और कौशल विकास मंत्री शरण प्रकाश पाटिल ने बोरिंग अस्पताल का दौरा कर घटना स्थल का निरीक्षण किया और घायलों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने बताया कि राज्य के सभी अस्पतालों में जांच के निर्देश दिए गए हैं। बेंगलुरु के बोवरिंग अस्पताल, विक्टोरिया अस्पताल, केसी जनरल अस्पताल, सीवी रमन नगर अस्पताल समेत सभी सरकारी अस्पतालों की इमारतों और कंपाउंड दीवारों की गुणवत्ता की विशेष जांच की जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले को गंभीरता से लेने को कहा।
इधर, मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य में भारी बारिश की चेतावनी दी है और कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। बेंगलुरु अर्बन, बेंगलुरु रूरल, चिक्कबल्लापुर, चामराजनगर, रामनगर, कोलार, यादगिर, गदग, रायचूर, बागलकोट, कोप्पल और धारवाड़ जिलों में अलर्ट जारी है। वहीं बल्लारी, विजयनगर, हावेरी, दावणगेरे, शिवमोग्गा, चित्रदुर्ग, उडुपी, मंगलुरु, तुमकुरु, हासन, कोडगु, मैसूर और मांड्या जिलों को भी येलो अलर्ट में रखा गया है।
बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक बच्ची और केरल के दो पर्यटक समेत कुल 7 लोगों की जान चली गई, जबकि 5 महिलाओं सहित 7 लोग घायल हुए हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब लोग बारिश से बचने के लिए अस्पताल की दीवार के पास खड़े थे और दीवार अचानक उनके ऊपर गिर गई।
मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और घायलों के मुफ्त इलाज के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए थे और लापरवाही पर नाराजगी जताई।
वहीं, कर्नाटक भाजपा ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने भी हादसे पर शोक जताया है। उधर, बेंगलुरु के अस्पताल की दीवार गिरने पर भाजपा एमएलसी सीटी रवि ने कहा, "मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सिर्फ कुर्सी बचाने की चिंता कर रहे हैं। पीड़ित लोगों को कोई सुनने वाला नहीं है। जिन लोगों की मृत्यु हुई है, उनके परिवार वालों को कोई सुनने वाला भी नहीं है। मैं यहीं कहना चाहूंगा कि सरकार को पीड़ित लोगों के परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। उनको मुआवजा देना चाहिए।"
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
