कर्नाटक: सिद्धारमैया ने 30 मई को कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई
बेंगलुरु, 29 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक के कार्यवाहक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद से अपने इस्तीफे के बाद चल रहे राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच शनिवार को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक बुलाई है।
सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस विधायक दल के नए नेता के चुनाव के लिए यह बैठक बुलाई गई है। नव निर्वाचित सीएलपी नेता के मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनने की उम्मीद है।
सीएलपी की बैठक शाम 4 बजे विधान सौधा के सम्मेलन कक्ष में शुरू होगी। वर्तमान विधायक दल के नेता के तौर पर सिद्धारमैया बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष डीके शिवकुमार, एआईसीसी महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधान परिषद के फ्लोर लीडर एनएस बोस राजू और पार्टी के सभी कार्यकारी अध्यक्ष बैठक में उपस्थित रहेंगे। यह घोषणा कांग्रेस विधायक और विधायक दल के सचिव अल्लामा प्रभु पाटिल ने की।
सभी विधानसभा सदस्यों (विधायकों), विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी), लोकसभा सदस्यों और राज्यसभा सदस्यों को बैठक में शामिल होने के लिए कहा गया है।
इस बीच, सिद्धारमैया कांग्रेस नेता राहुल गांधी और एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात के बाद दिल्ली से रवाना हो गए। उनके आज शाम 5:30 बजे बेंगलुरु के एचएएल हवाई अड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है।
दिल्ली से रवाना होने से पहले, सिद्धारमैया, डीके शिवकुमार, कांग्रेस एमएलसी यतींद्र सिद्धारमैया और पूर्व मंत्री केएच मुनियप्पा ने एक साथ दोपहर का भोजन किया। सिद्धारमैया ने दिल्ली में एआईसीसी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात की। बाद में, उन्होंने डीके शिवकुमार और पूर्व मंत्री केजे जॉर्ज के साथ कुछ देर तक चर्चा की।
दिलचस्प बात यह है कि कर्नाटक के मंत्री एचके पाटिल ने शुक्रवार को कहा कि डीके शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री बनने वाले हैं और संभवतः अगले दो दिनों के भीतर शपथ ग्रहण करेंगे।
आईएएनएस से बात करते हुए पाटिल ने कहा कि शिवकुमार पहले से ही मुख्यमंत्री पद के लिए नामित हैं। कल जब पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दिल्ली में हुई चर्चाओं के बारे में अपने विचार व्यक्त किए, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें इस्तीफा देने की सलाह दी गई थी और शिवकुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। उसी क्षण से यह स्पष्ट हो गया कि शिवकुमार हमारे अगले मुख्यमंत्री होंगे।
--आईएएनएस
एमएस/
