कर्नाटक उपचुनाव: भाजपा का दावा, हार के डर से ‘बेचैन’ हैं सीएम सिद्धारमैया
बागलकोट, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष और विधायक बी.वाई. विजयेंद्र ने शनिवार को दावा किया कि दावणगेरे दक्षिण और बागलकोट सीटों पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया संभावित हार को लेकर “बेचैन” हैं और उन्हें नींद नहीं आ रही।
दावणगेरे दक्षिण में एक जनसभा को संबोधित करते हुए विजयेंद्र ने कहा कि माहौल भाजपा के पक्ष में है और मुख्यमंत्री इस बात को लेकर भ्रमित हैं कि किस सीट पर ज्यादा ध्यान दें। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग तेजी से भाजपा की ओर आ रहा है और सभी वर्गों के लोगों ने भाजपा प्रत्याशी श्रीनिवास दासकरियप्पा को जिताने का मन बना लिया है।
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि वाल्मीकि विकास निगम के फंड का दुरुपयोग हुआ है और दावणगेरे दक्षिण में मतदाताओं को पैसे बांटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “पैसों के दम पर वोट नहीं खरीदे जा सकते, जनता ने भाजपा को जिताने का फैसला कर लिया है।”
विजयेंद्र ने यह भी दावा किया कि जब बी.एस. येदियुरप्पा मुख्यमंत्री थे, तब पिछड़ा वर्ग निगमों के लिए 550 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, जबकि वर्तमान सरकार केवल 200-250 करोड़ रुपये ही दे रही है। उन्होंने कांग्रेस पर पिछड़े वर्गों को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
उन्होंने जेडी(एस) कार्यकर्ताओं का समर्थन मिलने पर आभार जताया और कहा कि केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी भी भाजपा के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सिंचाई परियोजनाओं को लेकर राज्य सरकार को बहस की चुनौती दी। बागलकोट में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि ए और बी श्रेणी की सिंचाई योजनाओं का कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में ऐसी कोई श्रेणी नहीं है।
बोम्मई ने कहा कि गैर-कांग्रेसी सरकारों, खासकर भाजपा, ने सिंचाई क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने मुलवाड़ लिफ्ट सिंचाई परियोजना, चिम्मलागी परियोजना, केरूर और रेवणसिद्धेश्वर सिंचाई परियोजनाओं के साथ-साथ झील भराव योजना का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि बागलकोट में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की संभावना है और इस मुद्दे पर सरकार खुली बहस करे।
--आईएएनएस
डीएससी
