कर्नाटक में बेटी के जन्म पर परिवार ने निकाली भव्य शोभायात्रा, समाज को दिया मजबूत संदेश
बेलगावी, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक के बेलगावी जिले के बारवाड गांव में एक परिवार ने सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती देते हुए बेटी के जन्म पर भव्य सार्वजनिक शोभायात्रा निकाली। इस अनोखी पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता संभाजी थोरवत और उनकी पत्नी सुमन थोरवत ने अपनी नवजात पोती के स्वागत के लिए यह खास आयोजन किया। बच्ची का नाम वैभवी रखा गया है।
नवजात को घर लाने के लिए पारंपरिक संगीत, आतिशबाजी, फूलों की वर्षा और मिठाइयों के वितरण के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। शोभायात्रा गंगानगर स्थित लक्ष्मी मंदिर से शुरू होकर थोरवत परिवार के घर तक पहुंची।
जुलूस में हलगी, घुमके और झांझ की धुनों पर लोग झूमते नजर आए। रास्तों को रंगोली से सजाया गया था और स्थानीय लोगों ने मां-बेटी पर फूल बरसाकर स्वागत किया।
शुरुआत में कई लोगों को लगा कि यह जश्न बेटे के जन्म पर मनाया जा रहा है, लेकिन जब पता चला कि समारोह बेटी के जन्म पर है, तो लोगों ने आश्चर्य और खुशी जताई। कई लोग इस पहल के समर्थन में जुलूस में शामिल भी हो गए।
गृहप्रवेश के बाद पूरे मोहल्ले में जलेबी बांटी गई, ताकि खुशी के साथ सामाजिक संदेश भी फैलाया जा सके।
बच्ची के माता-पिता ने इस खास स्वागत के लिए परिवार और समाज का आभार जताया।
दादी सुमन थोरवत ने कहा कि उनके परिवार के लिए नवजात का आगमन मानो मां महालक्ष्मी के घर आने जैसा है।
संभाजी थोरवत ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बेटियों के जन्म को लेकर समाज में मौजूद नकारात्मक सोच को खत्म करना है। उन्होंने कहा कि जिस देश में मां महालक्ष्मी, मां दुर्गा और भारत माता की पूजा होती है, वहां बेटियों का भी गर्व के साथ स्वागत होना चाहिए।
उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या पर चिंता जताते हुए कहा कि सही शिक्षा और संस्कार मिलने पर बेटियां आने वाली पीढ़ियों के लिए आदर्श बन सकती हैं। परिवार ने कहा कि उनकी यह पहल समाज को बेटियों के जन्म पर समान उत्साह से जश्न मनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास है।
--आईएएनएस
डीएससी
