'हसीना मान जाएगी' के एक शॉट को लेकर जब डर गई थीं करिश्मा कपूर, भागती हुईं डेविड धवन के पास पहुंची
मुंबई, 14 जून (आईएएनएस)। साल 1999 में आई फिल्म 'हसीना मान जाएगी' अपने दौर में जबरदस्त हिट हुई थी। फिल्म के गाने आज भी लोग बड़े चाव से सुनते हैं। हालांकि, इस फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा अब अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' में साझा किया। उन्होंने फिल्म की शूटिंग के दिनों को याद किया और मजेदार किस्सा सुनाया।
शो में बातचीत के दौरान करिश्मा कपूर ने कहा, ''फिल्म के कुछ ही सीन्स की शूटिंग गोवा में हुई थी। उस समय मुझे लग रहा था कि फिल्म में मेरी ज्यादा जगह नहीं है, ऐसे में मैंने निर्देशक डेविड धवन से बात की और उनसे सीधे पूछा कि फिल्म में मेरा किरदार आखिर कहां है। इस पर डेविड धवन ने मुझे धैर्य रखने के लिए कहा और भरोसा दिलाया कि आगे आने वाले दो गानों में वह हैं। बस थोड़ा इंतजार करो।''
उन्होंने आगे बताया, "इसके बाद फिल्म का गाना 'व्हाट इज मोबाइल नंबर' की शूटिंग हुई। यह गाना एक दिन में शूट हो गया था। यही सिनेमा का जादू है। कई बार जिस काम को बहुत जल्दी पूरा किया जाता है, वही आगे चलकर लोगों के बीच सबसे ज्यादा लोकप्रिय हो जाता है। इस गाने को लोगों ने खूब पसंद किया।"
बातचीत के दौरान करिश्मा ने एक और दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया, ''फिल्म की कहानी गोवा में दिखाई गई थी, लेकिन जिस गाने को लोग गोवा का हिस्सा समझते हैं, उसकी शूटिंग वास्तव में मुंबई के मड आइलैंड स्थित एक रिजॉर्ट में हुई थी। पर्दे पर सब कुछ इतना वास्तविक दिखाया गया कि दर्शकों को कभी एहसास ही नहीं हुआ कि यह जगह गोवा नहीं है।''
उन्होंने आगे बताया, ''गाने की रिकॉर्डिंग और फिल्मांकन के समय मेरी नजर एक ऐसे शॉट पर गई जो गलत था। बैकग्राउंड में कोई पीछे से आ गया था। मैं घबराकर डेविड के पास पहुंचीं और उनसे कहा कि अगर किसी दर्शक ने इस शॉट को पकड़ लिया तो फिल्म शायद हिट नहीं होगी। लेकिन फिल्म रिलीज होने के बाद कुछ ऐसा ही नहीं हुआ। वह आज तक किसी ने नोटिस ही नहीं किया।''
'हसीना मान जाएगी' में करिश्मा कपूर के अलावा गोविंदा, संजय दत्त और पूजा बत्रा मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। वहीं अनुपम खेर, कादर खान, अरुणा ईरानी और परेश रावल जैसे कलाकारों ने भी फिल्म को यादगार बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। यह फिल्म 25 जून 1999 को रिलीज हुई थी।
--आईएएनएस
पीके/पीएम
