तमिलनाडु चुनाव: कनिमोझी के विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना, डीएमके की दक्षिणी राज्यों में विस्तार की कोशिश का संकेत
चेन्नई, 1 मार्च (आईएएनएस)। डीएमके के सूत्रों ने शनिवार को संकेत दिया कि उप महासचिव और थूथुकुडी से सांसद कनिमोझी करुणानिधि के 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में तिरुचेंदूर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने की संभावना है। अगर इस बात की पुष्टि हो जाती है तो राज्यस्तरीय चुनावी राजनीति में उनकी वापसी का संकेत होगा। साथ ही, तमिलनाडु में सत्तारूढ़ पार्टी के जनाधार को मजबूत करने की कोशिश का भी संकेत है।
डीएमके के वरिष्ठ सूत्रों के अनुसार, कनिमोझी तिरुचेंदूर से मौजूदा विधायक अनीता राधाकृष्णन की जगह ले सकती हैं, जो इस वक्त राज्य के मत्स्य पालन मंत्री हैं। सूत्रों ने बताया कि राधाकृष्णन ने पार्टी नेतृत्व को सूचित कर दिया है कि वे स्वास्थ्य कारणों से आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं।
हालांकि, डीएमके मुख्यालय की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन पार्टी के भीतर चल रही चर्चाओं से संकेत मिल रहा है कि नेतृत्व तटीय निर्वाचन क्षेत्र से कनिमोझी को उम्मीदवार बनाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
हाल ही में डीएमके की जिला कार्यकारी समिति की बैठक के बाद अटकलों को और बल मिला, जहां कई प्रतिनिधियों ने कथित तौर पर तिरुचेंदूर में निर्णायक जीत हासिल करने के महत्व पर जोर दिया।
बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनीता राधाकृष्णन ने आग्रह किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि पार्टी इस निर्वाचन क्षेत्र से जिसे भी उम्मीदवार नामित करे, उसे भारी बहुमत से जीत मिले। उनकी इन बातों को कई लोगों ने परिवर्तन के संकेत के रूप में देखा।
बता दें कि कनिमोझी पार्टी का एक प्रमुख राष्ट्रीय चेहरा रही हैं। वर्तमान में थूथुकुडी से सांसद कनिमोझी ने संसद में, विशेष रूप से संघीय अधिकारों, भाषा नीति और सामाजिक न्याय से संबंधित मुद्दों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हाल ही में जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह 2026 में तिरुचेंदूर से चुनाव लड़ेंगी, तो कनिमोझी ने इस संभावना से इनकार नहीं किया, जिससे उनकी उम्मीदवारी को लेकर अटकलें और तेज हो गईं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तिरुचेंदूर से कनिमोझी को उम्मीदवार बनाने से दक्षिणी जिलों में डीएमके की संभावनाओं को काफी मजबूती मिल सकती है, जहां पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है। चुनाव की तारीफ नजदीक आने पर आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा होने की उम्मीद है।
--आईएएनएस
एसडी/पीयूष
