Aapka Rajasthan

एसआईए ने 2013 के हमले में शामिल हिजबुल के आतंकी के खिलाफ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया

श्रीनगर, 11 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एसआईए) ने शनिवार को बताया कि उसने सोपोर सब-डिविजन के हाइगम इलाके में अप्रैल 2013 में हुए आतंकी हमले में शामिल हिजबुल मुजाहिदीन के एक आतंकवादी के खिलाफ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया है।
 

श्रीनगर, 11 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एसआईए) ने शनिवार को बताया कि उसने सोपोर सब-डिविजन के हाइगम इलाके में अप्रैल 2013 में हुए आतंकी हमले में शामिल हिजबुल मुजाहिदीन के एक आतंकवादी के खिलाफ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया है।

एसआईए कश्मीर ने हिजबुल मुजाहिदीन के घोषित आतंकवादी इम्तियाज अहमद कंडू (उर्फ फयाज उर्फ सज्जाद) के खिलाफ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया है। यह 2013 के तराजू (ह्यगाम) आतंकवादी हमले के मामले की जांच में एक अहम पड़ाव है।

यह नोटिस अंतरराष्ट्रीय कानून लागू करने वाली एजेंसियों को आरोपी का पता लगाने, उसे हिरासत में लेने और उसे भारत लाकर मुकदमा चलाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू करने में मदद करेगा।

यह मामला 26 अप्रैल 2013 को सोपोर के ह्यगाम इलाके के पीर मोहल्ला में हुए आतंकवादी हमले से जुड़ा है। उस समय ऑटोमैटिक हथियारों से लैस आतंकवादियों ने पुलिस पार्टी पर हमला किया था, जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस के चार जवान शहीद हो गए थे। यह उस दौर में सुरक्षा बलों पर हुए सबसे गंभीर आतंकवादी हमलों में से एक था।

यह मामला शुरू में तराजू पुलिस स्टेशन, सोपोर में दर्ज किया गया था और बाद में 2024 में पूरी जांच के लिए एसआईए कश्मीर को सौंप दिया गया था।

सबूतों को बारीकी विश्लेषण करने, गवाहों से पूछताछ करने और साजिश का पता लगाने जैसी व्यापक जांच के बाद, एसआईए कश्मीर ने जांच पूरी की। नए सबूतों के आधार पर जुलाई 2024 में सक्षम ट्रायल कोर्ट में छह आरोपियों के खिलाफ एक विस्तृत चार्जशीट दाखिल की गई।

जांच और उसके बाद के ऑपरेशन के दौरान दो आरोपी कलामाबाद, हंदवाड़ा के तारिक अहमद मीर और बटापोरा, सोपोर के कयूम नजर सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए।

वहीं, सोपोर के जावेद अहमद मट्टू, सोपोर के रऊफ नजर और दलाल मोहल्ला, श्रीनगर के अहमदुल्लाह मल्ला को गिरफ्तार किया गया और उन पर मुकदमा चल रहा है।

छठा और मुख्य आरोपी इम्तियाज अहमद कंडू फरार है और माना जाता है कि वह पाकिस्तान भाग गया है। सोपोर के क्रालटंग के रहने वाले इम्तियाज अहमद कंडू, 2010 से प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के सक्रिय सदस्य और कमांडर रहे हैं। आतंकवादी गतिविधियों में लगातार शामिल रहने के कारण, भारत सरकार ने अक्टूबर 2022 में उन्हें 'नामित व्यक्तिगत आतंकवादी' घोषित किया था।

एसआईए कश्मीर की जांच में यह पक्के तौर पर साबित हुआ कि ह्यगाम आतंकवादी हमले में कंडू की सक्रिय और मुख्य भूमिका थी, और आतंकवादी गतिविधियों के एक बड़े नेटवर्क में भी उनकी संलिप्तता का पता चला।

इस मामले के अलावा, वह कम से कम दस और आतंकी मामलों में वांछित हैं, जिनमें आतंकवादी हमले; लक्षित हत्याएं, जिनमें 15 से अधिक लोगों की मौत हुई; और हथियार और गोला-बारूद की तस्करी और नार्को-टेरर फाइनेंसिंग शामिल हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी