Aapka Rajasthan

ग्लोबल एआई सेक्टर में उतार-चढ़ाव के बीच जेफरीज ने भारतीय शेयर बाजार के लिए आवंटन फिर बढ़ाया

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। जेफरीज के ग्लोबल हेड ऑफ इक्विटी स्ट्रैटेजी क्रिस्टोफर वुड ने ग्लोबल टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों के मूल्यांकन को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच अपने एशिया-प्रशांत (जापान को छोड़कर) रिलेटिव रिटर्न पोर्टफोलियो में भारतीय शेयरों का निवेश दूसरी बार बढ़ाया है।
 

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। जेफरीज के ग्लोबल हेड ऑफ इक्विटी स्ट्रैटेजी क्रिस्टोफर वुड ने ग्लोबल टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों के मूल्यांकन को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच अपने एशिया-प्रशांत (जापान को छोड़कर) रिलेटिव रिटर्न पोर्टफोलियो में भारतीय शेयरों का निवेश दूसरी बार बढ़ाया है।

पोर्टफोलियो में हालिया बदलाव के तहत भारत का आवंटन बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया है, जबकि ताइवान का हिस्सा इसी अनुपात में घटाया गया है। एक महीने से भी कम समय में भारत में निवेश का आवंटन दूसरी बार बढ़ाया गया है।

यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब वैश्विक टेक्नोलॉजी शेयरों में लगातार कमजोरी बनी हुई है। निवेशक एआई आधारित निवेश चक्र की स्थिरता और प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनियों की ओर से घोषित भारी पूंजीगत व्यय की समीक्षा कर रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, वुड का मानना है कि वित्तीय बाजारों में इस संभावना को तेजी से शामिल किया जा रहा है कि एआई पर पूंजीगत व्यय में तेजी का दौर अब निर्णायक मोड़ के करीब पहुंच सकता है, हालांकि वास्तविक खर्च योजनाओं में सुस्ती के सीमित संकेत ही मिले हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि बाजार के जानकारों के बीच इस बात को लेकर मतभेद बने हुए हैं कि एआई से जुड़े शेयरों में हालिया बिकवाली निवेश चक्र के चरम पर पहुंचने का संकेत है या फिर यह लंबी अवधि के विकास के रुझान के बीच केवल एक अस्थायी गिरावट है।

पोर्टफोलियो में यह ताजा बदलाव जेफरीज की क्षेत्रीय रणनीति में व्यापक बदलाव के बाद आया है।

इस महीने की शुरुआत में ब्रोकरेज ने भारत में निवेश का आवंटन बढ़ाया था, जबकि दक्षिण कोरिया और ताइवान में निवेश का हिस्सा घटाया था।

पोर्टफोलियो में ये बदलाव वैश्विक शेयर बाजारों में बढ़ती अस्थिरता के बीच किए गए हैं।

पिछले कारोबारी सत्र में वॉल स्ट्रीट में गिरावट जारी रही। एआई कंपनी एंथ्रोपिक की शेयर बाजार में शानदार शुरुआत के बावजूद टेक्नोलॉजी शेयरों पर दबाव बना रहा।

क्लॉड एआई बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक के शेयर कारोबारी सत्र के दौरान 39 प्रतिशत तक उछलकर 115.10 डॉलर पर पहुंच गए और पहले दिन का कारोबार 17 प्रतिशत की बढ़त के साथ समाप्त किया। इससे कंपनी का मूल्यांकन 1.8 ट्रिलियन डॉलर के करीब पहुंच गया।

हालांकि, वॉल स्ट्रीट के मुख्य सूचकांक डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1,000 अंक से अधिक यानी 2.19 प्रतिशत गिरकर 49,097.06 पर आ गया।

एसएंडपी 500 में 147.80 अंकों यानी 2.02 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 7,175.83 पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट 550.68 अंक यानी 2.25 प्रतिशत गिरकर 23,879.20 पर पहुंच गया।

--आईएएनएस

एबीएस