अगस्त में भारत आएंगे जापान के रक्षा मंत्री कोइजुमी, रक्षा उपकरण और हिंद-प्रशांत सुरक्षा पर होगी बातचीत
टोक्यो, 16 जुलाई (आईएएनएस)। जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी अगस्त में भारत आने की योजना बना रहे हैं, जहां वह अपने भारतीय समकक्ष राजनाथ सिंह के साथ बातचीत करेंगे। स्थानीय मीडिया की गुरुवार की रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर पिछले साल पद संभालने के बाद कोइजुमी की यह भारत की पहली यात्रा होगी।
जापान के रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों से मिली जानकारी के आधार पर जिजी प्रेस ने बताया कि दोनों रक्षा मंत्री रक्षा उपकरणों से जुड़े सहयोग पर चर्चा करेंगे। इसमें जापान से भारत को यूनिकॉर्न कम्युनिकेशन एंटीना सिस्टम के निर्यात का मुद्दा भी शामिल है।
कोइजुमी और राजनाथ सिंह जापान की सेल्फ-डिफेंस फोर्सेज और भारतीय सेना के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यासों को बढ़ाने पर भी बातचीत करेंगे। इसके अलावा, दोनों नेता हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिति, खासकर चीन की गतिविधियों सहित क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं।
13 जुलाई को भारत और जापान ने टोक्यो में 8वीं रक्षा नीति वार्ता आयोजित की थी। इस बैठक में दोनों देशों ने रक्षा उद्योग में सहयोग, नई तकनीकों, साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष और अन्य साझा रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
भारत के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा मुद्दों पर भारत और जापान के बीच बढ़ती समान सोच पर संतोष जताया और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में मिलकर काम जारी रखने पर सहमति जताई। दोनों देशों ने एक स्वतंत्र, खुले और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जो अंतरराष्ट्रीय कानूनों के सम्मान पर आधारित हो।
इस वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने किया, जबकि जापानी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई अंतरराष्ट्रीय मामलों के लिए जापान के रक्षा उपमंत्री कानो कोजी ने की। दोनों पक्षों ने मौजूदा क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा स्थिति पर विचार साझा किए और आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
रक्षा मंत्रालय ने कहा, "इस वार्ता में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग के पूरे दायरे की समीक्षा की गई। इसमें सैन्य आदान-प्रदान, संयुक्त मुख्यालयों के बीच सहयोग, समुद्री सहयोग, रक्षा अभ्यास, क्षमता निर्माण, रक्षा उपकरण और तकनीकी सहयोग, जिसमें समुद्री तकनीक भी शामिल है, और संस्थागत स्तर पर बातचीत बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल थे।"
दोनों देशों ने रक्षा सहयोग के लगातार विस्तार का स्वागत किया और नियमित उच्चस्तरीय बातचीत और संपर्क बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने इस साल के अंत में होने वाली 2+2 मंत्री स्तरीय वार्ता से जुड़े संभावित नतीजों पर भी चर्चा की।
अपनी यात्रा के दौरान रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी से मुलाकात की और उन्हें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की शुभकामनाएं दीं। दोनों पक्षों ने भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने की बात दोहराई।
उन्होंने कोइजुमी को जल्द से जल्द भारत आने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का निमंत्रण भी सौंपा।
रक्षा मंत्रालय ने 13 जुलाई 2026 को 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने टोक्यो में जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी से मुलाकात की और भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में चर्चा की। जापानी प्रधानमंत्री साने ताकाइची की हालिया भारत यात्रा के नतीजों को आगे बढ़ाते हुए, दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय सुरक्षा, समुद्री सहयोग, रक्षा उद्योग में साझेदारी और स्वतंत्र, खुले व सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देने पर विस्तृत और सकारात्मक बातचीत की। इस बैठक ने भारत-जापान रक्षा संबंधों को और मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दिखाया।"
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
