Aapka Rajasthan

जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में 120 सोशल मीडिया प्रोफाइल के खिलाफ एफआईआर दर्ज

पटना, 22 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार की जमुई पुलिस ने जमुई-लखीसराय मार्ग स्थित मड़वा पहाड़ क्षेत्र में दो नाबालिग स्टूडेंट से छेड़छाड़ और उत्पीड़न मामले में रामआशीष चौधरी नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने न केवल छेड़छाड़ के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की, बल्कि उन लोगों पर भी कार्रवाई शुरू की जिन्होंने वीडियो शेयर किया था।
 

पटना, 22 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार की जमुई पुलिस ने जमुई-लखीसराय मार्ग स्थित मड़वा पहाड़ क्षेत्र में दो नाबालिग स्टूडेंट से छेड़छाड़ और उत्पीड़न मामले में रामआशीष चौधरी नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने न केवल छेड़छाड़ के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की, बल्कि उन लोगों पर भी कार्रवाई शुरू की जिन्होंने वीडियो शेयर किया था।

पुलिस का कहना है कि ऐसा करने से नाबालिगों की पहचान उजागर हो गई, जो कानून का उल्लंघन है। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने वालों की पहचान की जा रही है।

वायरल वीडियो में सिर पर नारंगी गमछा बांधे दिखाई दे रहे मुख्य आरोपी नंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक फरार अन्य आरोपी हरे राम यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार, अब तक विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संचालित 120 सोशल मीडिया प्रोफाइलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नाबालिग पीड़िता की पहचान या निजी जानकारी उजागर करने वाली कोई भी फोटो, वीडियो या अन्य सामग्री शेयर न करें।

जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि किसी नाबालिग की पहचान उजागर करने वाली सामग्री को दिखाना या प्रसारित करना गंभीर अपराध है। इसके लिए पॉक्सो एक्ट, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

एसपी ने बताया कि इन कानूनों की संबंधित धाराओं के तहत जमुई सदर थाना में मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष तरीके से जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो को हटवाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

घटना शनिवार देर शाम मड़वा पहाड़ क्षेत्र में हुई थी। आरोप है कि कुछ युवकों ने एक नाबालिग छात्रा को रोककर उसके साथ छेड़छाड़ की। उसके साथ मौजूद एक छात्र के साथ मारपीट की। रविवार शाम सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला प्रशासन के संज्ञान में आया। इसके बाद जमुई प्रशासन ने पीड़िता के परिवार से संपर्क किया और एफआईआर दर्ज की।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में कानून के उल्लंघन के आरोप में तीन किशोरों को हिरासत में लिया गया है। अब तक सात से आठ युवकों की पहचान की जा चुकी है, जबकि दो अन्य संदिग्धों की भी पहचान हुई है।

मामले की विस्तृत जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस घटना की परिस्थितियों, चिन्हित आरोपियों की भूमिका तथा वीडियो रिकॉर्ड और प्रसारित किए जाने के स्रोत की जांच कर रही है।

एडीजी (कानून-व्यवस्था) के.एस. अनुपम ने कहा कि अपराध में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी