कैपिटल हिल में जैन-अमेरिकियों ने मनाई दीपावाली, बढ़ती राजनीतिक भागीदारी पर दिया जोर
वाशिंगटन, 20 नवंबर (आईएएनएस)। कैपिटल हिल में दीपावली समारोह के दौरान अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के छह मौजूदा सदस्य जैन समुदाय के नेताओं और भारतीय राजनयिकों के साथ शामिल हुए। इस मौके पर आयोजकों ने अगली कांग्रेस (अमेरिकी संसद) के लिए दो जैन अमेरिकियों के चुने जाने का विशेष उल्लेख किया।
'फेडरेशन ऑफ जैन एसोसिएशन्स इन नॉर्थ अमेरिका' (जेएआईएनए) के अनुसार, 17 नवंबर को रेबर्न हाउस ऑफिस बिल्डिंग में आयोजित इस कार्यक्रम में देश भर से 100 से अधिक जैन-अमेरिकी शामिल हुए। आयोजकों ने इसे 'कांग्रेसनल जैन दिवाली सेलिब्रेशन' (कांग्रेस में जैन दिवाली उत्सव) की शुरुआत बताया।
यह कार्यक्रम भगवान महावीर के 'निर्वाण कल्याणक' के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था, जो जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर द्वारा मोक्ष (आध्यात्मिक मुक्ति) प्राप्त करने का प्रतीक है।
जेएआईएनए ने बताया कि इस कार्यक्रम में ग्रेस मेंग, जूडी चू, श्री थानेदार, टॉम सुओज़ी, सुहास सुब्रमण्यम और जेम्स वॉकिनशॉ जैसे प्रतिनिधि शामिल हुए। ग्रेस मेंग 'कांग्रेसनल एशियन पैसिफिक अमेरिकन कॉकस' की अध्यक्ष हैं, जबकि जूडी चू इसकी 'चेयर एमेरिटा' (पूर्व अध्यक्ष) हैं।
नवनिर्वाचित कांग्रेस सदस्य अमीश शाह भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। जेएआईएनए ने एरिजोना के पहले जिले से अमीश शाह और फ्लोरिडा के 22वें जिले से पिया डंडिया के चुनावों को जैन-अमेरिकियों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इन दोनों को 'हाउस न्यू डेमोक्रेट कोएलिशन' द्वारा नवनिर्वाचित सदस्यों के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
आयोजकों ने बताया कि अन्य मेहमानों में वर्जीनिया के स्टेट सीनेटर कन्नन श्रीनिवासन, वाशिंगटन डी.सी. के शैडो सीनेटर अंकित जैन और भारतीय दूतावास में डिप्टी चीफ ऑफ मिशन नामग्या सी. खम्पा शामिल थे। कार्यक्रम में अमेरिकी सीनेटर क्रिस वैन होलेन का एक बयान भी पढ़कर सुनाया गया।
जेएआईएनए के अध्यक्ष अतुल शाह ने कहा, "मंगलवार की शाम सिर्फ दिवाली का जश्न नहीं था। यह इस बात का एक सशक्त प्रमाण था कि जैन-अमेरिकी समुदाय और हमारे शाश्वत मूल्यों का अमेरिका की राष्ट्रीय गाथा में एक महत्वपूर्ण स्थान है।"
उन्होंने कहा, "पीढ़ियों से, जैन-अमेरिकियों ने सेवा, उद्यमिता, शिक्षा, चिकित्सा और परोपकार के माध्यम से इस देश में योगदान दिया है।"
जेएआईएनए के अनुसार, इस कार्यक्रम में प्रार्थनाएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और औपचारिक दीप प्रज्वलन शामिल था। इसमें अहिंसा, अनेकांतवाद, करुणा और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला गया।
जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (यूएसए) के चेयरमैन और अमेरिकी नौसेना के सेवानिवृत्त कैप्टन डॉ. सुशील जैन ने उम्मीद जताई कि इस आयोजन से युवा जैन-अमेरिकियों को जनसेवा में आने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
एक विज्ञप्ति में उन्होंने कहा, "गर्व के साथ इस देश की सेवा करने वाले एक व्यक्ति के रूप में अमेरिकी कांग्रेस में हमारे धर्म और विरासत का जश्न मनाया जाता देखना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। हमें उम्मीद है कि यह पहला आयोजन जैन-अमेरिकियों की आने वाली पीढ़ियों को नागरिक भागीदारी, जनसेवा और नेतृत्व के लिए प्रेरित करेगा।"
संगठन के अनुसार, इस मौके पर जेएआईएनए के पूर्व अध्यक्ष बिंदेश शाह, हरेश शाह, मनोज धर्मसी और सुशील जैन भी मौजूद थे। 1981 में स्थापित जेएआईएनए का कहना है कि यह अमेरिका और कनाडा में 70 से अधिक जैन केंद्रों और लगभग 2,00,000 जैनों का प्रतिनिधित्व करता है।
--आईएएनएस
ओपी/एएस
