Aapka Rajasthan

जैकी श्रॉफ ने दिग्गज अभिनेता राजेंद्र कुमार और सुरों की मलिका गीता दत्त को किया नमन, सोशल मीडिया पर दी श्रद्धांजलि

मुंबई, 20 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड के 'जग्गू दादा' यानी जैकी श्रॉफ अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अक्सर फैंस का ध्यान खींचते रहते हैं। इस कड़ी में अभिनेता ने दिग्गज अभिनेता राजेंद्र कुमार की जयंती और मशहूर पार्श्व गायिका गीता दत्त की पुण्यतिथि के मौके पर खास पोस्ट साझा किए।
 

मुंबई, 20 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड के 'जग्गू दादा' यानी जैकी श्रॉफ अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अक्सर फैंस का ध्यान खींचते रहते हैं। इस कड़ी में अभिनेता ने दिग्गज अभिनेता राजेंद्र कुमार की जयंती और मशहूर पार्श्व गायिका गीता दत्त की पुण्यतिथि के मौके पर खास पोस्ट साझा किए।

जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर राजेंद्र कुमार की एक ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीर साझा की। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, ''राजेंद्र कुमार जी की जयंती पर उन्हें याद कर रहा हूं।'' इसके साथ उन्होंने हाथ जोड़ने वाली इमोजी भी लगाई। इस पोस्ट को और भी खास बनाने के लिए बैकग्राउंड में मोहम्मद रफ़ी का सदाबहार गीत 'मेरे महबूब तुझे मेरी मोहब्बत की कसम' लगाया गया, जिसने पुराने दौर की यादों को ताजा कर दिया।

इसके बाद जैकी ने भारतीय फिल्म संगीत की महान गायिका गीता दत्त को भी उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गीता दत्त की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "गीता दत्त जी", साथ ही हाथ जोड़ने वाली इमोजी भी लगाई। इसके अलावा, उन्होंने उनकी जन्म और निधन की तारीख भी पोस्ट में लिखी – '23 नवंबर 1930 – 20 जुलाई 1972'।

जैकी की इन पोस्ट्स को फैंस ने काफी पसंद किया और कई लोगों ने कमेंट्स के जरिए दोनों दिग्गज कलाकारों को श्रद्धांजलि दी।

बता दें कि राजेंद्र कुमार ने 1960 के दशक में अपनी फिल्मों के जरिए बॉक्स ऑफिस पर लगातार सफलता हासिल की थी। यही वजह थी कि उन्हें 'जुबली कुमार' के नाम से पहचान मिली। उनका जन्म 20 जुलाई 1929 को हुआ था और उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक यादगार फिल्मों में काम किया। 'मदर इंडिया', 'गूंज उठी शहनाई', 'धूल का फूल', 'मेरे महबूब', 'संगम', 'आरजू', 'सूरज' और 'झुक गया आसमान' जैसी फिल्में आज भी हिंदी सिनेमा की क्लासिक फिल्मों में गिनी जाती हैं। 12 जुलाई 1999 को 69 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया।

वहीं, गीता दत्त भारतीय फिल्म संगीत की उन चुनिंदा गायिकाओं में शामिल हैं, जिनकी आवाज आज भी लोगों के दिलों को छू जाती है। उन्होंने अपने करियर में कई ऐसे गीत गाए, जो आज भी संगीत प्रेमियों की पसंद बने हुए हैं। 'वक्त ने किया क्या हसीं सितम', 'बाबूजी धीरे चलना', 'जाने क्या तूने कही', 'मेरा सुंदर सपना बीत गया' और 'ना जाओ सैंया छुड़ा के बैयां' जैसे गीत आज भी सदाबहार माने जाते हैं। गीता दत्त की शादी मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक गुरु दत्त से हुई। दोनों की जोड़ी हिंदी सिनेमा के सबसे चर्चित दंपतियों में गिनी जाती है। 20 जुलाई 1972 को उन्होंने महज 41 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया।

--आईएएनएस

पीके/एएस