Aapka Rajasthan

अमेरिकी प्रतिबंध से मुश्किलें बढ़ीं, इराक ने मानवीय आधार पर मांगी रियायत

बगदाद, 26 सितंबर (आईएएनएस)। इराक सरकार ने शनिवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा कि वह अमेरिकी प्रतिबंधों से कुछ हवाईअड्डों को छूट दिलाने के लिए वाशिंगटन से सीधी बातचीत कर रही है, ताकि ईरान के साथ फ्लाइट्स फिर से शुरू हो सकें।
 

बगदाद, 26 सितंबर (आईएएनएस)। इराक सरकार ने शनिवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा कि वह अमेरिकी प्रतिबंधों से कुछ हवाईअड्डों को छूट दिलाने के लिए वाशिंगटन से सीधी बातचीत कर रही है, ताकि ईरान के साथ फ्लाइट्स फिर से शुरू हो सकें।

इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी के मीडिया कार्यालय ने कहा कि छूट की यह मांग इसलिए की गई है ताकि मेडिकल इलाज, शिक्षा, धार्मिक यात्राओं और आम नागरिकों के हितों के लिए उड़ानें जारी रखी जा सकें। यह कदम क्षेत्र में काम करने वाली ईरानी एयरलाइंस के खिलाफ अमेरिकी ट्रेजरी विभाग द्वारा हाल ही में उठाए गए कदमों के बाद उठाया गया है।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, बयान में इस बात पर जोर दिया गया कि इराक क्षेत्रीय तनाव को कम करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है। साथ ही चेतावनी दी गई कि लंबे समय तक चलने वाला संकट स्थिति को और जटिल बना सकता है। उन्होंने सभी पक्षों से बातचीत के जरिए विवादों को सुलझाने का आह्वान किया गया।

इराकी मीडिया के अनुसार, यह कदम तब उठाया गया जब हाल ही में अमेरिकी प्रतिबंधों के बाद कई इराकी हवाई अड्डों ने ईरान से आने-जाने वाली उड़ानों को रोक दिया।

इस महीने की शुरुआत में, अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने ईरान के एविएशन सेक्टर को निशाना बनाते हुए नए प्रतिबंधों की घोषणा की थी। विभाग ने उन मंजूरियों को रद्द कर दिया था जिनके तहत गैर-अमेरिकी एयरलाइंस को अमेरिकी मूल या अमेरिकी नियंत्रण वाले कमर्शियल विमानों को ईरान ले जाने की अनुमति थी। साथ ही चेतावनी दी गई कि प्रतिबंधों का सामना कर रही ईरानी एयरलाइंस की मदद करने वाली विदेशी कंपनियों - चाहे वह विमान, कार्गो, सेल्स-एजेंट, खरीद या अन्य सहायता के माध्यम से हो - को गंभीर नतीजों का सामना करना पड़ सकता है।

सरकारी इराकी समाचार एजेंसी (आईएनए) की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को मध्य इराक के नजफ इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने ईरान से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अगले आदेश तक रोक दिया गया।

आईएनए ने एयरपोर्ट प्रशासन के बयान का हवाला देते हुए कहा कि संबंधित अधिकारियों के आधिकारिक निर्देशों के तहत स्थानीय समयानुसार सुबह 2 बजे (गुरुवार को 2300 जीएमटी) से यह रोक लागू हो गई।

बयान में कहा गया कि एयरलाइंस और संबंधित ऑपरेटिंग कंपनियों को निर्देश दिया गया कि वे रोकी गई उड़ानों के संबंध में कोई ऑपरेशनल कदम न उठाएं और सेवाएं फिर से शुरू करने को लेकर उन्हें बाद में आधिकारिक तौर पर सूचित किया जाएगा।

इराकी विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, सरकार ने गुरुवार को बगदाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेरिकी दूतावास के डिप्लोमैटिक सपोर्ट सेंटर का नियंत्रण अपने हाथ में लेने के लिए आधिकारिक तौर पर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

इस समझौते पर मंत्रालय के मुख्यालय में इराक के उप विदेश मंत्री मोहम्मद हुसैन बहर अल-उलूम और इराक में अमेरिकी दूतावास के चार्ज डी'अफेयर्स स्टीवन फैगिन ने हस्ताक्षर किए। इसमें कहा गया है कि यह हैंडओवर इराकी सरकार की उन कोशिशों का हिस्सा है, जिनका मकसद इस साल 30 सितंबर की तय समय-सीमा के मुताबिक, इराक में अमेरिकी नेतृत्व वाले इंटरनेशनल गठबंधन और विदेशी सेना की मौजूदगी को खत्म करने की प्रक्रिया को पूरा करना है।

बह्र अल-उलूम ने इस कदम को द्विपक्षीय संबंधों को साझेदारी के एक नए दौर में ले जाने के लिए अहम बताया, खासकर आर्थिक, विकास और ऊर्जा के क्षेत्रों में।

इस साल इस ठिकाने पर बार-बार ड्रोन और रॉकेट से हमले हुए हैं। ऐसा 28 फरवरी को ईरान पर इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों और उसके बाद ईरान की ओर से इजरायल और अमेरिका के क्षेत्रीय सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमलों के बाद हुआ।

--आईएएनएस

केआर/