ईरान ने भूमिगत मिसाइल और ड्रोन उत्पादन केंद्र बनाने का किया दावा, मिसाइलों की मारक क्षमता बढ़ाने पर जोर
तेहरान, 7 नवंबर (आईएएनएस)। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के प्रवक्ता हुसैन मोहब्बी ने शनिवार को बताया कि ईरान अपनी ताकत बढ़ाने में लगा हुआ है। मोहब्बी ने दावा किया कि उसकी एयरोस्पेस इकाई ने भूमिगत मिसाइल और ड्रोन उत्पादन केंद्र स्थापित कर लिए हैं और देश लगातार अपनी मिसाइलों की मारक क्षमता बढ़ा रहा है।
तेहरान में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईआरजीसी के प्रवक्ता हुसैन मोहब्बी ने कहा, "हमने मिसाइल और ड्रोन के उत्पादन को जमीन के ऊपर से तेजी से भूमिगत सुविधाओं में स्थानांतरित कर दिया है।"
शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा, "हम लगातार अपनी मिसाइलों की रेंज बढ़ा रहे हैं और इस दिशा में हम रुकने वाले नहीं हैं।" उन्होंने दावा किया कि किसी भी 'दुश्मन देश' की प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष संपत्तियां ईरान की पहुंच में हैं।
मोहब्बी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर विरोधी पक्ष फिर से हमले करता है, तो ईरान अपनी सैन्य क्षमताओं से जुड़े नए और चौंकाने वाले पहलुओं को सामने लाएगा। उन्होंने कहा, "हम देश के अस्तित्व, पहचान और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए बिना किसी भौगोलिक सीमा के पूरी तरह तैयार हैं।"
उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका की ओर से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की धमकियां बढ़ी हैं। वहीं, रिपोर्टों के अनुसार अमेरिकी सेना ने शनिवार तड़के ईरान के दक्षिणी हिस्से में स्थित केश्म द्वीप पर छोटे हमले किए। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने बताया कि केश्म द्वीप पर दो मिसाइलें गिरीं, हालांकि नुकसान की विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान की वायु रक्षा प्रणालियों को निशाना बनाकर नए हमले किए हैं। उन्होंने इन सैन्य कार्रवाइयों को छोटा बताया। बताया जा रहा है कि इस सप्ताह ईरान के इस द्वीप पर अमेरिका की ओर से किया गया यह दूसरा हमला था। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट दी थी कि अमेरिका ने सोमवार को भी इसी द्वीप को निशाना बनाया था।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है। यह बयान ऐसे समय आया है जब उनकी सरकार ने आठ कनाडाई कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए हैं। इन कंपनियों पर आरोप है कि वे क्रिप्टोकरेंसी नेटवर्क के जरिए ईरान को धन हस्तांतरित करने में मदद कर रही थीं।
व्हाइट हाउस से रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "हम ईरान से बातचीत कर रहे हैं और काफी समय से कर रहे हैं।" उन्होंने सैन्य स्थिति को अमेरिका के पक्ष में बताते हुए कहा कि होर्मुज स्ट्रेट फिर से खुल रहा है।
ट्रंप ने कहा, "हमने ईरान को हरा दिया है। ईरान के मामले में हमारी स्थिति बहुत अच्छी है।" जब उनसे ईरान के लिए संदेश के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने एक तरफ अमेरिका की सैन्य सफलता का दावा किया और दूसरी तरफ संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संपर्क भी जारी हैं।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
