Aapka Rajasthan

ईरान ने अहवाज में अमेरिकी एमक्यू-9 ड्रोन मार गिराया, आईआरीजीसी ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

तेहरान, 19 जुलाई (आईएएनएस)। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने रविवार को दावा किया कि उसने ईरान के अहवाज इलाके में अमेरिका के एमक्यू-9 ड्रोन को मार गिराया है।
 

तेहरान, 19 जुलाई (आईएएनएस)। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने रविवार को दावा किया कि उसने ईरान के अहवाज इलाके में अमेरिका के एमक्‍यू-9 ड्रोन को मार गिराया है।

ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स की ओर से चलाए जा रहे आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान की एकीकृत वायु रक्षा प्रणाली के तहत इस एमक्‍यू-9 ड्रोन को गिराया। यह दावा ऐसे समय आया है जब ईरान पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई जारी रखे हुए है।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताब‍िक, इस बीच ईरान के केंद्रीय खात्म अल-अनबिया मुख्यालय के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ने कोई भी हमला किया तो ईरान की सेना उसका बेहद कड़ा जवाब देगी।

अब्दुल्लाही ने कहा कि ईरान किसी भी तरह की लालच, दबाव बनाने की कोशिश, विस्तारवादी नीति या अत्याचार का जवाब निर्णायक और भारी तरीके से देगा। उन्होंने कहा कि इसका नुकसान अमेरिका को पहले और दूसरे बड़े युद्धों से भी ज्यादा उठाना पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि ईरान की रक्षा क्षमता पूरे देश की सुरक्षा की गारंटी है और इसी वजह से देश के अधिकारी जनता की भलाई के लिए काम कर पा रहे हैं।

आईआरएनए के अनुसार, अब्दुल्लाही ने आरोप लगाया कि बार-बार सैन्य असफलताओं का सामना करने के बाद अमेरिका ईरान की जनता और सरकार के बीच मतभेद पैदा करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान के अंदर की एकता इस 'साजिश' को हराने की सबसे बड़ी ताकत है।

शनिवार को आईआरजीसी ने दावा किया था कि उसने जॉर्डन में एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला किया, कुवैत में ईंधन सप्लाई डॉक को निशाना बनाया और बहरीन में एक डेटा सेंटर को नष्ट कर दिया।

सेपाह न्यूज एजेंसी के मुताबिक, आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स ने जॉर्डन के अल-अजराक में अमेरिकी अड्डे पर लड़ाकू विमानों के शेल्टर और एक बड़े पार्किंग क्षेत्र को निशाना बनाया। एजेंसी ने दावा किया कि मिसाइल और ड्रोन हमले में कम से कम दो लड़ाकू विमान और तीन अमेरिकी विमान नष्ट हुए, जबकि कुछ अन्य को भी भारी नुकसान पहुंचा।

एक अन्य बयान में आईआरजीसी ने दावा किया कि शुक्रवार रात उसकी नौसेना ने ड्रोन और मिसाइल हमलों के जरिए कुवैत के बंदर अल-अहमदी में अमेरिकी बेड़े के ईंधन सप्लाई डॉक और बहरीन के शेख ईसा में युद्धक विमानों के ठिकाने को निशाना बनाया। उसने यह भी दावा किया कि बहरीन में 'बटेलको' नाम का एक खुफिया डेटा सेंटर नष्ट कर दिया गया।

बयान के अनुसार, आईआरजीसी नौसेना के लड़ाकों ने कुवैत में अमेरिका के एक सिग्नल और संचार केंद्र को भी नष्ट कर दिया।

वहीं, शुक्रवार देर रात अमेरिका के सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर बताया कि अमेरिकी सेनाओं ने ईरान के खिलाफ लगातार सातवीं रात हमले किए।

सेंटकॉम ने 'एक्‍स' पर लिखा कि 17 जुलाई को रात 9:30 बजे (ईटी) अमेरिकी सेनाओं ने ईरान के खिलाफ सातवीं लगातार रात की कार्रवाई पूरी की। इन हमलों में निगरानी ठिकानों, सैन्य रसद ढांचे, भूमिगत हथियार भंडार और समुद्री क्षमताओं को निशाना बनाया गया। इसके लिए लड़ाकू विमान, ड्रोन, युद्धपोत और अन्य सैन्य साधनों का इस्तेमाल किया गया। ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, अमेरिका के ताजा हमलों में तीन लोगों की मौत हुई और आठ अन्य घायल हुए।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी