ओमान के सुल्तान से मिले अराघची, पश्चिम एशिया की स्थिति और तनाव कम करने पर हुई चर्चा
तेहरान, 17 नवंबर (आईएएनएस)। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची और ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक अल सईद ने मंगलवार को ओमान की राजधानी मस्कट में मुलाकात की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में बढ़ती असुरक्षा और तनाव की स्थिति पर चर्चा की।
ईरानी विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठक के दौरान अराघची ने सुल्तान को अमेरिका के साथ जारी युद्ध को खत्म करने के लिए ईरान की नई कूटनीतिक पहल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ईरान हमेशा से बातचीत और कूटनीति के जरिए समाधान निकालने के पक्ष में रहा है। साथ ही, देश अपनी क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए पूरी दृढ़ता और संकल्प के साथ काम करता रहा है।
शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, अराघची ने ईरान और ओमान के बीच लंबे समय से चले आ रहे अच्छे और मजबूत संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तेहरान सभी साझा हितों वाले क्षेत्रों में मस्कट के साथ अपने संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं, ओमान के सुल्तान ने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और मित्रतापूर्ण रिश्तों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए ईरान के 'जिम्मेदार रवैये' की सराहना की। सुल्तान हैथम ने कहा कि मौजूदा संवेदनशील स्थिति से निपटने और तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए क्षेत्रीय देशों के बीच लगातार बातचीत और परामर्श जारी रहना जरूरी है।
इसके अलावा, अराघची ने मस्कट में ओमान के विदेश मंत्री सैय्यद बद्र बिन हमद अल बुसैदी और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री बख्तियोर सैदोव के साथ त्रिपक्षीय बैठक भी की।
ओमान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस बैठक में नेताओं ने समुद्री मार्गों पर आवाजाही की स्वतंत्रता बहाल करने और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया। उनका मानना है कि इससे बाजार में स्थिरता बनी रहेगी और क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
इसी बीच, कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने मंगलवार को बताया कि दोहा में उसी दिन ईरानी अधिकारियों के साथ बैठक होने वाली है। यह बैठक अमेरिका और ईरान के बीच मतभेद कम करने और क्षेत्रीय संकट को खत्म करने के प्रस्तावों पर चल रही मध्यस्थता प्रक्रिया का हिस्सा है।
अराघची सोमवार रात पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से मस्कट पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने इस्लामाबाद में आर्थिक सहयोग संगठन (ईसीओ) की मंत्रिपरिषद की 30वीं बैठक में हिस्सा लिया था। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है और कई देश बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों के जरिए स्थिति को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
