दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय एटीएम लूट गिरोह के सदस्य को दबोचा, 19 लाख की लूट का आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतर-राज्यीय एटीएम लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वह राष्ट्रीय राजधानी में दर्ज दो आपराधिक मामलों में 'घोषित अपराधी' करार दिया गया था और लगभग 19.10 लाख रुपए की एटीएम लूट के मामले में वांछित था।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी की पहचान हरियाणा के नूंह-मेवात जिले के बाजितपुर निवासी राहुल खान (30) के रूप में हुई है। उसे क्राइम ब्रांच की वेस्टर्न रेंज-II यूनिट की एक टीम ने 26 नवंबर को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, खान डबरी पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर (भारतीय दंड संहिता की धारा 380, 457, 411 और 34 के तहत) में वांछित था। यह मामला लगभग 19.10 लाख रुपए की एटीएम लूट से जुड़ा है। द्वारका की एक अदालत ने 11 सितंबर, 2025 को उसे इस मामले में 'घोषित अपराधी' करार दिया था।
वह द्वारका नॉर्थ पुलिस स्टेशन में 'आर्म्स एक्ट' के तहत दर्ज एफआईर नंबर 635/2020 में भी वांछित था, जिसमें उसे 5 अगस्त, 2026 को 'घोषित अपराधी' घोषित किया गया था।
पुलिस ने बताया कि उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के दौरान, जांचकर्ताओं को शिलांग और गुवाहाटी में दर्ज एटीएम लूट के तीन अन्य मामलों में भी उसकी संलिप्तता का पता चला। इस तरह, दिल्ली और पूर्वोत्तर राज्यों में एटीएम लूट के कुल चार मामलों में उसका नाम सामने आया है।
यह गिरफ्तारी काफी अहम है, क्योंकि इससे पहले मार्च 2026 में मेघालय पुलिस ने नूंह-मेवात में खान को पकड़ने की कोशिश की थी, लेकिन तब उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, उस ऑपरेशन के दौरान कुछ लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की।
हालात बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कई राउंड फायरिंग करनी पड़ी। पुलिस ने बताया कि इस दौरान हमलावरों में से एक व्यक्ति को गोली लग गई। क्राइम ब्रांच ने बताया कि वह तीन महीने से भी ज्यादा समय से खान के एटीएम लूट के मामलों में संलिप्तता के बारे में जानकारी जुटा रही थी। इन मामलों में पूर्वोत्तर राज्यों में दर्ज मामले भी शामिल हैं।
नूंह-मेवात में उसके ठिकाने का पता लगाने के लिए तकनीकी निगरानी, मुखबिरों की तैनाती और गुप्त रूप से जमीनी पूछताछ का सहारा लिया गया। जांचकर्ताओं ने उस जगह पर भी नजर रखी, जहां उसके छिपे होने का शक था। वह वहां बहुत कम आता था और पकड़े जाने से बचने के लिए बहुत सावधानी से आता-जाता था।
एसीपी राज पाल डबास की देखरेख में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसका नेतृत्व इंस्पेक्टर गौतम मलिक कर रहे थे। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह और रवि भूषण, तथा हेड कांस्टेबल पवन और राजेश शामिल थे। यह पूरा ऑपरेशन क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा के निर्देशन में चलाया गया।
टीम को मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर, पुलिसकर्मी तय जगह पर पहुंचे, आरोपी की पहचान की पुष्टि की और 26 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद खान से पूछताछ की गई। उससे मिली अहम जानकारी को संबंधित जांच एजेंसियों के साथ साझा किया गया है, जिसमें पूर्वोत्तर राज्यों की पुलिस भी शामिल है, ताकि तथ्यों की पुष्टि हो सके और आगे की कार्रवाई की जा सके।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, खान 10वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ चुका है। वह शादीशुदा है और उसके चार बच्चे हैं। उसके पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। पुलिस का आरोप है कि पढ़ाई छोड़ने के बाद वह अपराधियों के संपर्क में आ गया और फिर एटीएम लूट की वारदातों में शामिल हो गया।
उसके आपराधिक रिकॉर्ड में दिल्ली के स्पेशल सेल पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज एफआईटार नंबर 221/2021 भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि शिलांग और गुवाहाटी में एटीएम लूट के तीन मामलों में उसकी भूमिका की पुष्टि करने और इन मामलों से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाने की कोशिशें चल रही हैं।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
