फेक सोशल मीडिया पेज बनाकर बदनाम किया गया : इन्फ्लुएंसर रोनिशा सत्ती
जम्मू, 29 मई (आईएएनएस)। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रोनिशा सत्ती ने आत्महत्या की कोशिश के बाद अस्पताल से बड़ा बयान देते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रोनिशा ने कहा कि उनके मंगेतर द्वारा बनाए गए कथित फर्जी सोशल मीडिया पेज के जरिए लगातार उन्हें और उनके परिवार को परेशान किया गया, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
आईएएनएस से बातचीत में रोनिशा सत्ती ने बताया कि उनकी हालत अब पहले से बेहतर है, हालांकि डॉक्टर अभी भी उन्हें निगरानी में रखे हुए हैं।
उन्होंने कहा, "मेरे आरोप पूरे जम्मू ने देखे हैं। मेरे परिवार को निशाना बनाया गया। यहां तक कि मेरी 12 साल की छोटी मौसी की बेटी को भी सोशल मीडिया पर गालियां दी जा रही हैं।"
रोनिशा ने बताया कि वह प्रशांत शर्मा नाम के युवक के साथ रिश्ते में थीं और दोनों की शादी होने वाली थी। लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
उन्होंने कहा, "हमारी शादी होने वाली थी। हर कपल की तरह हमारे बीच भी लड़ाई-झगड़े होते थे, लेकिन इसका मतलब यह नहीं था कि मामला कोर्ट और पुलिस स्टेशन तक पहुंच जाए। पहले परिवार के भीतर बातचीत से इसे सुलझाने की कोशिश होनी चाहिए थी।"
रोनिशा ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ फर्जी सोशल मीडिया पेज बनाकर उनकी छवि खराब की गई। उन्होंने कहा, "बिना किसी सुनवाई और फैसले के मुझे ही दोषी की तरह पेश किया जा रहा है। फर्जी पेज बनाकर मेरी पूरी प्रतिष्ठा बर्बाद कर दी गई।"
उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने से वह लगातार पुलिस और साइबर क्राइम विभाग के चक्कर लगा रही थीं। अगर पुलिस चाहती तो आईपी एड्रेस ट्रैक कर सकती थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
रोनिशा ने चिंता जताते हुए कहा कि इस तरह कोई भी किसी के खिलाफ फर्जी पेज बनाकर झूठे आरोप लगा सकता है। उन्होंने कहा, "ऐसी स्थिति में कोई भी इंसान आत्महत्या जैसा कदम उठा सकता है।"
उन्होंने सवाल उठाया, "अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी तो लड़कियां कहां जाएंगी?"
रोनिशा ने कहा कि उन्होंने एफआईआर दर्ज होने के बाद भी हिम्मत नहीं हारी थी और पुलिस जांच में पूरा सहयोग किया था। उन्होंने कहा, "मैंने पुलिस को सारे सबूत दिए, लेकिन सिर्फ इसलिए कि वह कुछ साबित नहीं कर पा रहा, इसका मतलब यह नहीं है कि फर्जी पेज बनाकर मुझे बदनाम किया जाए।"
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए, लेकिन तब भी पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया।
रोनिशा ने कहा, "मैं एक महीने तक यह सब सहती रही, लेकिन जब बर्दाश्त नहीं हुआ तो मैंने यह खौफनाक कदम उठा लिया।"
--आईएएनएस
वीकेयू/डीएससी
