Aapka Rajasthan

इंडिगो के नए सीईओ विली वॉल्श ने पदभार संभाला, कहा-भारतीय एविएशन सेक्टर में अपार संभावनाएं

नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। इंडिगो के नए सीईओ विली वॉल्श ने एयरलाइन का कार्यभार संभाल लिया है और वह अब एयरलाइन के विकास के अगले चरण को रफ्तार देंगे। यह जानकारी कंपनी की ओर से सोमवार को दी गई।
 

नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। इंडिगो के नए सीईओ विली वॉल्श ने एयरलाइन का कार्यभार संभाल लिया है और वह अब एयरलाइन के विकास के अगले चरण को रफ्तार देंगे। यह जानकारी कंपनी की ओर से सोमवार को दी गई।

इससे पहले वॉल्श इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (आईएटीए) के डायरेक्टर जनरल थे।

इंडिगो की ओर से वॉल्श को सीईओ बनाने का ऐलान मार्च में किया गया था।

एयरलाइन ने कहा कि वॉल्श के पास ग्लोबल एविएशन इंडस्ट्री में चार दशकों से अधिक का अनुभव है और वे बोर्ड और मैनेजमेंट टीम के साथ मिलकर एयरलाइन की ऑपरेशनल खूबियों को और बेहतर बनाने और इसके लंबे समय के रणनीतिक लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे।

वॉल्श का स्वागत करते हुए, इंडिगो के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया ने कहा कि एयरलाइन अपने तीसरे दशक में प्रवेश कर रही है और विकास के अगले चरण के लिए अच्छी स्थिति में है।

वॉल्श, इंडिगो के पूर्व सीईओ पीटर एल्बर्स की जगह लेंगे, जो सितंबर, 2022 से एयरलाइन के सीईओ थे।

भाटिया ने कहा,"विमानन उद्योग में उनका व्यापक वैश्विक अनुभव, उनकी ऑपरेशनल और रणनीतिक विशेषज्ञता के साथ मिलकर, इंडिगो के अंतरराष्ट्रीय विस्तार रणनीति को गति देने में सहायक होगा।"

वॉल्श ने कहा कि इंडिगो ने पिछले दो दशकों में एक मजबूत विरासत बनाई है और अपेक्षाकृत कम समय में दुनिया की सबसे बड़ी एयरलाइनों में से एक के रूप में उभरी है।

उन्होंने कहा,"भारत के दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में से एक बनने के साथ, इंडिगो के लिए आने वाले अवसर अपार हैं। मेरे लिए इंडिगो से जुड़ने के लिए इससे अधिक रोमांचक और उपयुक्त समय कोई और नहीं हो सकता था।"

इसके अलावा, सीईओ के रूप में, वॉल्श एयरलाइन के समग्र प्रबंधन और रणनीतिक दिशा के लिए जिम्मेदार होंगे, जिसका ध्यान इसके वैश्विक स्तर पर विस्तार करना, परिचालन प्रदर्शन को बेहतर बनाने, नेटवर्क और वाणिज्यिक रणनीति को मजबूत करने और ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने पर होगा।

विमानन उद्योग के सबसे प्रभावशाली लीडर्स में से एक माने जाने वाले वॉल्श ने अपने करियर की शुरुआत 'एर लिंगस' के साथ एक पायलट के रूप में की थी और 2001 में वह इस आयरिश कैरियर के सीईओ बने।

बाद में उन्होंने 2005 से 2011 तक ब्रिटिश एयरवेज के सीईओ के रूप में कार्य किया और 2011 से 2020 तक इंटरनेशनल एयरलाइंस ग्रुप (आईएजी) का नेतृत्व किया, जो ब्रिटिश एयरवेज, इबेरिया और अन्य कैरियर्स की मूल कंपनी है।

इसके अलावा, उन्होंने वैश्विक एयरलाइन उद्योग निकाय आईएटीए के महानिदेशक के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं।

--आईएएनएस

एबीएस