Aapka Rajasthan

भारतीय रेलवे में नौकरी का बड़ा मौका, युवा स्नातकों के लिए 3,584 पदों पर भर्ती

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय रेलवे ने स्नातक युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर प्रदान करते हुए नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी-ग्रेजुएट) के तहत 3,548 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) द्वारा जारी केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना (सीईएन) के तहत ये भर्तियां रेलवे संचालन और प्रशासन के विभिन्न विभागों के लिए की जाएंगी।
 

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय रेलवे ने स्नातक युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर प्रदान करते हुए नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी-ग्रेजुएट) के तहत 3,548 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) द्वारा जारी केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना (सीईएन) के तहत ये भर्तियां रेलवे संचालन और प्रशासन के विभिन्न विभागों के लिए की जाएंगी।

आधिकारिक बयान के अनुसार, भर्ती चार प्रमुख पदों के लिए होगी, जिनमें चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर, गुड्स ट्रेन मैनेजर, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट और सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट शामिल हैं। ये पद रेलवे की वाणिज्यिक सेवाओं, ट्रेन संचालन, लेखा और प्रशासनिक कार्यों से जुड़े हैं, जो देशभर में रेलवे सेवाओं के सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कुल 3,548 रिक्तियों में से 2,750 पद गुड्स ट्रेन मैनेजर, 371 पद सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट, 300 पद जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट और 127 पद चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर के लिए हैं।

इन पदों पर 7वें वेतन आयोग के अनुसार वेतन मिलेगा। चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर के लिए प्रारंभिक मूल वेतन 35,400 रुपए प्रतिमाह (पे लेवल-6) होगा, जबकि अन्य तीन पदों के लिए 29,200 रुपए प्रतिमाह (पे लेवल-5) प्रारंभिक मूल वेतन निर्धारित किया गया है। इसके अलावा अन्य भत्ते और सेवा शर्तें लागू नियमों के अनुसार होंगी।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और पात्र उम्मीदवार 6 नवंबर रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 8 नवंबर है, जबकि आवेदन में संशोधन की सुविधा 9 से 18 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी।

उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री या समकक्ष योग्यता होना आवश्यक है। आयु सीमा 1 जनवरी 2027 के अनुसार 18 से 33 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।

चयन प्रक्रिया में पहले चरण की कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी), दूसरे चरण की सीबीटी, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण शामिल होंगे। भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण, आयु छूट और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए स्क्राइब सुविधा तथा अतिरिक्त समय जैसी सुविधाएं भी लागू नियमों के अनुसार प्रदान की जाएंगी।

इस भर्ती की एक खास बात यह है कि जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट और सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट पदों के लिए कंप्यूटर आधारित टाइपिंग स्किल टेस्ट (सीबीटीएसटी) को हटा दिया गया है। हालांकि उम्मीदवारों के पास बुनियादी कंप्यूटर और टाइपिंग का ज्ञान होना चाहिए, जिसकी जांच नियुक्ति के बाद की जाएगी।

उम्मीदवार विस्तृत अधिसूचना, पात्रता और रिक्तियों से संबंधित पूरी जानकारी रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट आरआरबी डॉट इंडियन रेलवेज डॉट गव डॉट इन (rrb.indianrailways.gov.in) पर देख सकते हैं।

--आईएएनएस

डीबीपी