Aapka Rajasthan

हज के मुख्य धार्मिक अनुष्ठान के लिए अराफात में इकट्ठा हुए जायरीन, इबादत में ब‍िताया पूरा द‍िन

रियाद, 26 मई (आईएएनएस)। सऊदी अरब के अराफात में मंगलवार को लाखों भारतीय जायरीन हज के मुख्य धार्मिक अनुष्ठान के लिए इकट्ठा हुए और नमाज व दुआओं में शामिल हुए।
 
हज के मुख्य धार्मिक अनुष्ठान के लिए अराफात में इकट्ठा हुए जायरीन, इबादत में ब‍िताया पूरा द‍िन

रियाद, 26 मई (आईएएनएस)। सऊदी अरब के अराफात में मंगलवार को लाखों भारतीय जायरीन हज के मुख्य धार्मिक अनुष्ठान के लिए इकट्ठा हुए और नमाज व दुआओं में शामिल हुए।

सऊदी अरब में भारत के राजदूत सुहेल एजाज खान ने सभी हज यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आज हज का सबसे अहम दिन है, जब सभी यात्री मीना के टेंट सिटी से अराफात आते हैं और यहां पूरे दिन इबादत और दुआ में बिताते हैं, फिर सूर्यास्त के बाद मुजदलिफा की ओर जाते हैं।”

उन्होंने बताया क‍ि सभी भारतीय हज यात्री समय पर और बहुत आराम से मीना से अराफात पहुंच गए हैं। उन्हें यहां अपने-अपने टेंट में ठहराया गया है। हमने यात्रियों को बसों और ट्रेनों दोनों के जरिए यहां पहुंचाया। लगभग 50 प्रतिशत यात्री ट्रेनों से आए जबकि बाकी बसों से आए। अब सभी अराफात में हैं और पूरी तरह से इबादत में लगे हुए हैं।

रियाद स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, राजदूत, जेद्दा में भारतीय महावाणिज्य दूत फहाद सूरी और पूरी भारतीय हज टीम अराफात में मौजूद है और भारतीय हज यात्रियों की सेवा कर रही है।

केंद्रीय संसदीय और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने भी अपनी शुभकामनाएं दीं और प्रार्थना की कि यह पवित्र यात्रा लोगों के बीच दया, भाईचारा और एकता की भावना को और मजबूत करे।

उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, “अराफात के पवित्र मैदान में हज के मुख्य अनुष्ठान के लिए इकट्ठा हुए सभी हज यात्रियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं और प्रार्थनाएं। यह पवित्र यात्रा मानवता में करुणा, सौहार्द और एकता के मूल्यों को और मजबूत करे।”

रविवार को राजदूत खान ने कर्नाटक के नगर प्रशासन और हज मंत्री रहीम खान से मक्का में मुलाकात की और हज की तैयारियों की जानकारी दी। इस बैठक में महावाणिज्य दूत फहाद सूरी भी मौजूद रहे।

इसके पहले शनिवार को खान ने मक्का का दौरा किया और कई हज यात्रियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की, महावाणिज्य दूत, समन्वयकों और अन्य कर्मचारियों के साथ बैठक की और मेडिकल टीमों से भी मुलाकात की।

इस साल 15 लाख से ज्यादा लोग मक्का पहुंचे हैं, जो वार्षिक हज यात्रा में हिस्सा ले रहे हैं। यह यात्रा इस बार पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच शांति की उम्मीदों के साथ हो रही है।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम