Aapka Rajasthan

'एमटी सेट्टेबेलो' से रेस्क्यू किए गए 21 नाविक लौटे स्वदेश, भारतीय दूतावास ने की पुष्टि

मस्कट, 16 जून (आईएएनएस)। ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने जहाज एमटी सेट्टेबेलो से रेस्क्यू किए गए 21 भारतीय नाविकों के भारत लौटने की जानकारी दी। दूतावास ने विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
 
'एमटी सेट्टेबेलो' से रेस्क्यू किए गए 21 नाविक लौटे स्वदेश, भारतीय दूतावास ने की पुष्टि

मस्कट, 16 जून (आईएएनएस)। ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने जहाज एमटी सेट्टेबेलो से रेस्क्यू किए गए 21 भारतीय नाविकों के भारत लौटने की जानकारी दी। दूतावास ने विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

भारत के ओमान में राजदूत प्रशांत पीसे ने उनके स्वदेश लौटने से पहले क्रू के सदस्यों से मुलाकात की, उन्हें शुभकामनाएं दीं और कठिन परिस्थिति में उनके साहस और धैर्य बनाए रखने की सराहना की।

भारतीय दूतावास के अनुसार, पलाऊ-ध्वज वाले जहाज एमटी सेट्टेबेलो पर ओमान के सोहर तट से लगभग 30 समुद्री मील दूर हमला हुआ था। इस घटना में 21 भारतीय नागरिकों को बचा लिया गया, जबकि 3 नाविकों की मृत्यु हो गई।

मंगलवार को दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “एमटी सेट्टेबेलो, एक पलाऊ-ध्वज वाला जहाज, ओमान के सोहर तट से लगभग 30 समुद्री मील दूर था जब उस पर हमला हुआ। ओमान मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर को तुरंत सूचित किया गया, जिसके आधार पर संबंधित ओमानी अधिकारियों ने खोज और बचाव अभियान शुरू किया। 21 भारतीय चालक दल को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन इस दुखद समुद्री घटना में 3 लोगों की जान चली गई।”

पिछले सप्ताह, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से बात की और अमेरिका की नौसेना द्वारा ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर किए गए हमले के बाद कड़ा कूटनीतिक विरोध दर्ज कराया, जिसमें तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी।

विदेश मंत्री ने बातचीत में कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर इस तरह की जानलेवा कार्रवाई “उचित नहीं है।”

इससे पहले, 12 जून को भारत के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के चार्ज डी’अफेयर्स जेसन मीक्स को तलब कर लगातार हो रहे हमलों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसकी जानकारी प्रेस ब्रीफिंग में दी थी। उन्होंने बताया कि भारत ने कमर्शियल वेसल पर हमले और तीन नाविकों की मौत को लेकर सख्त ऐतराज जताया और यह भी उम्मीद की है कि ऐसे हमले तुरंत रोके जाएं।

--आईएएनएस

केआर/