फ्लोरिडा की अहम चुनावी सीट पर भारतीय मूल की पिया डंडिया के समर्थन में प्रचार करेंगे पीट बुटिगीग
वाशिंगटन, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के पूर्व परिवहन मंत्री पीट बुटिगीग सोमवार को फ्लोरिडा की 22वीं कांग्रेसनल सीट से चुनाव लड़ रहीं भारतीय मूल की डेमोक्रेट उम्मीदवार पिया डंडिया के समर्थन में प्रचार करेंगे। फ्लोरिडा पॉलिटिक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह सीट राज्य की सबसे चर्चित और कड़ी टक्कर वाली सीटों में से एक मानी जा रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2028 के संभावित राष्ट्रपति पद के दावेदार माने जा रहे बुटिगीग 26 अक्टूबर को प्लांटेशन शहर में आयोजित एक चुनावी अभियान कार्यक्रम में पिया डांडिया के साथ शामिल होंगे।
पिया डंडिया ने कहा, "मैं बेहद खुश हूं कि पीट हमारे 22वें जिले में आ रहे हैं। हम मिलकर ऐसा अभियान बना रहे हैं जो किसी एक व्यक्ति से कहीं बड़ा है। वह व्यावहारिक और समझदारी भरे नेतृत्व का उदाहरण हैं, जिसकी आज जरूरत है। उनका समर्थन मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है।"
उन्होंने कहा, "चुनाव के इस अंतिम दौर में हम हर मतदाता तक पहुंचने, दक्षिण फ्लोरिडा के अलग-अलग समुदायों का भरोसा जीतने और यह चुनाव जीतने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं।"
बुटिगीग, डांडिया के चुनाव अभियान में शामिल होने वाले ताजा राष्ट्रीय स्तर के डेमोक्रेट नेता हैं। इससे पहले डेमोक्रेटिक कांग्रेसनल कैंपेन कमेटी (डीसीसीसी) की अध्यक्ष सुजान डेलबेने, सांसद जेमी रास्किन और जापान में अमेरिका के पूर्व राजदूत राहम इमैनुएल भी उनके समर्थन में प्रचार कर चुके हैं। डांडिया डीसीसीसीके 'रेड टू ब्लू' कार्यक्रम का हिस्सा हैं।
उधर, डंडिया उसी दिन नेपल्स शहर भी जाएंगी। स्थानीय डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष जेन श्लेचटवेग के अनुसार, यह इस काउंटी का उनका तीसरा दौरा होगा।
इस चुनाव में डांडिया का मुकाबला रिपब्लिकन उम्मीदवार और कारोबारी कैसी आस्कर से है। यह सीट पहले डेमोक्रेट्स का मजबूत गढ़ मानी जाती थी लेकिन फ्लोरिडा विधानसभा ने पिछले साल इसकी सीमाओं का नया निर्धारण किया, जिससे रिपब्लिकन पार्टी को लगभग 38,500 मतदाताओं का फायदा मिला। मौजूदा डेमोक्रेट सांसद लोइस फ्रैंकल ने इस सीट से चुनाव नहीं लड़ा। नई सीमाओं के अनुसार, 2024 में लगभग 55 प्रतिशत मतदाताओं ने डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया था।
कुक पॉलिटिकल रिपोर्ट ने इस सीट की स्थिति को 'लीन रिपब्लिकन' से बदलकर 'टॉस-अप' यानी बेहद करीबी मुकाबले वाली श्रेणी में रखा है। 'नेपल्स प्रेस' के अनुसार, अगस्त के अंत में जारी एक सार्वजनिक सर्वे में डंडिया को दो अंकों की नहीं, बल्कि दो प्रतिशत अंकों की मामूली बढ़त दिखाई गई थी। हालांकि, डिसीजन डेस्क एचक्यू के अनुमान मॉडल के अनुसार 23 अक्टूबर तक आस्कर की जीत की संभावना 58 प्रतिशत बताई गई है।
डेटा सेंटर का मुद्दा भी इस चुनाव में चर्चा का विषय बना हुआ है। फ्लोरिडा पॉलिटिक्स के अनुसार, 13 अक्टूबर को ब्राउवार्ड काउंटी में आयोजित एक कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग में आस्कर ने कहा था, "मैं चाहता हूं कि डेटा सेंटर ग्रामीण इलाकों में हों। मैं उन्हें हमारे घरों या स्कूलों के पास नहीं चाहता।" इससे पहले प्राथमिक चुनाव के दौरान उन्होंने कहा था, "मैं उन्हें फ्लोरिडा राज्य में ही नहीं चाहता।"
इस चुनाव में बाहरी संगठनों की ओर से भी भारी खर्च किया जा रहा है। ताजा संघीय चुनाव आयोग (एफईसी) रिपोर्ट के अनुसार, एमएजीए इंक. से वित्तपोषित 'नो गोइंग बैक पीएसी' ने डांडिया के खिलाफ 5.91 मिलियन डॉलर खर्च किए हैं। वहीं 'हाउस मेजॉरिटी पीएसी' ने आस्कर के खिलाफ 7.84 मिलियन डॉलर खर्च करने की जानकारी दी है।
एफईसी रिकॉर्ड के मुताबिक, आस्कर ने इस चुनावी चक्र में अपनी मुहिम को 6.69 मिलियन डॉलर का कर्ज दिया है, जिसमें से चार लाख डॉलर वापस भी लिए जा चुके हैं। दूसरी ओर, 14 अक्टूबर तक डांडिया के पास 7,35,105 डॉलर नकद उपलब्ध थे, जबकि आस्कर के पास 18,81,186 डॉलर से अधिक की राशि मौजूद थी।
फ्लोरिडा में अनिवार्य अग्रिम मतदान (अर्ली वोटिंग) की अवधि 24 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद तीन नवंबर को मतदान होगा।
--आईएएनएस
एवाई/पीएम
