भारत-स्पेन के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने पर जोर, ईयू एफटीए को जल्द अंतिम रूप देने पर हुई चर्चा: पीयूष गोयल
नई दिल्ली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को मैड्रिड में स्पेन के अर्थव्यवस्था मंत्री कार्लोस कुएर्पो से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
अपने 3 देशों के दौरे के तहत स्पेन में आधिकारिक कार्यक्रमों की शुरुआत करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच भारत-स्पेन आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी सहयोग बढ़ाने पर सार्थक चर्चा हुई। बातचीत का मुख्य फोकस नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, उन्नत विनिर्माण (एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग), डिजिटल प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचा और नवाचार जैसे क्षेत्रों पर रहा।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों पक्षों ने भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर भी विचार-विमर्श किया और स्पेन के साथ भारत के व्यापारिक सहयोग को और व्यापक बनाने के उपायों पर चर्चा की।
भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते को जल्द लागू करने की दिशा में प्रयास तेज होने के बीच वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल सोमवार को एक उच्चस्तरीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ स्पेन, बेल्जियम और फिनलैंड की पांच दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए।
13 से 17 जुलाई तक चलने वाली इस यात्रा का उद्देश्य यूरोप के साथ भारत की आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करना है। आधिकारिक बयान के अनुसार, इस दौरान व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार और सतत विकास (सस्टेनेबिलिटी) जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्पेन में अपने दौरे के दौरान पीयूष गोयल की अर्थव्यवस्था मंत्री कार्लोस कुएर्पो, उद्योग एवं पर्यटन मंत्री जोर्डी हेरेउ बोहेर तथा विदेश, यूरोपीय संघ और सहयोग मंत्री जोस मैनुअल अल्बारेस बुएनो के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं।
इसके अलावा, गोयल भारत-स्पेन बिजनेस राउंडटेबल की अध्यक्षता भी करेंगे, जिसमें स्पेन की प्रमुख कंपनियां और उद्योग संगठन हिस्सा लेंगे। इस बैठक का उद्देश्य भारत में उपलब्ध निवेश के अवसरों को प्रदर्शित करना और दोनों देशों के उद्योग जगत के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) साझेदारी को बढ़ावा देना है।
इस वर्ष फरवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी में स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ के साथ द्विपक्षीय बैठक की थी। उस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य, डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवाचार, जलवायु परिवर्तन से निपटने और शिक्षा सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की थी।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को मजबूत बनाने के लिए स्पेन के लगातार समर्थन की भी सराहना की।
--आईएएनएस
डीबीपी
