Aapka Rajasthan

भारत और सोमालिया ने विदेश मंत्रालयों के बीच परामर्श को लेकर समझौता किया, सहयोग बढ़ाने पर जोर

मोगादिशु, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और सोमालिया ने दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के बीच नियमित परामर्श के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता विदेश मंत्रालय में सचिव (कांसुलर, पासपोर्ट एवं वीजा और प्रवासी भारतीय मामलों) श्रीप्रिया रंगनाथन की मोगादिशु यात्रा के दौरान हुआ।
 

मोगादिशु, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और सोमालिया ने दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के बीच नियमित परामर्श के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता विदेश मंत्रालय में सचिव (कांसुलर, पासपोर्ट एवं वीजा और प्रवासी भारतीय मामलों) श्रीप्रिया रंगनाथन की मोगादिशु यात्रा के दौरान हुआ।

यह समझौता श्रीप्रिया रंगनाथन और सोमालिया के उप विदेश मंत्री हसन मोहम्मद अली के बीच हुई बैठक के दौरान हस्ताक्षरित किया गया।

विदेश मंत्रालय ने 'एक्‍स' पोस्‍ट पर बताया कि श्रीप्रिया रंगनाथन ने सोमालिया के उप विदेश मंत्री हसन मोहम्मद अली से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग, शिक्षा और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। इसके साथ ही क्षेत्र में हाल के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

समझौते के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह एमओयू दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के बीच नियमित बातचीत और समीक्षा के लिए एक व्यवस्थित ढांचा उपलब्ध कराएगा। इससे द्विपक्षीय संबंधों की वर्तमान स्थिति और भविष्य की संभावनाओं का समय-समय पर आकलन किया जा सकेगा।

अपनी यात्रा के दौरान श्रीप्रिया रंगनाथन ने सोमालिया के रक्षा मंत्री अहमद मोआलिम फिकी से भी मुलाकात की। इस बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा हुई।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत में खास तौर पर समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी सहयोग और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया। दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय सुरक्षा हालात और बदलते सुरक्षा माहौल पर भी अपने विचार साझा किए।

केन्या स्थित भारतीय उच्चायोग के अनुसार, हाल के वर्षों में भारत की ओर से सोमालिया की यह पहली उच्चस्तरीय द्विपक्षीय यात्रा है।

भारतीय उच्चायोग ने 'एक्‍स' पोस्‍ट के माध्यम से कहा कि श्रीप्रिया रंगनाथन सोमालिया के नेतृत्व के साथ बातचीत के लिए मोगादिशु पहुंचीं। यह कई वर्षों में भारत की ओर से पहली उच्चस्तरीय द्विपक्षीय यात्रा है और इससे दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूती मिलेगी।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी