Aapka Rajasthan

रियाद में भारत-सऊदी सहयोग पर चर्चा, विदेश राज्य मंत्री ने की अहम बैठकें

रियाद, 6 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने रविवार को रियाद में सऊदी अरब के विदेश मामलों और जलवायु मामलों के दूत तथा राज्य मंत्री आदिल अल-जुबैर से मुलाकात की और भारत-सऊदी अरब के बीच द्विपक्षीय संबंधों की उत्कृष्ट स्थिति की समीक्षा की।
 

रियाद, 6 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने रविवार को रियाद में सऊदी अरब के विदेश मामलों और जलवायु मामलों के दूत तथा राज्य मंत्री आदिल अल-जुबैर से मुलाकात की और भारत-सऊदी अरब के बीच द्विपक्षीय संबंधों की उत्कृष्ट स्थिति की समीक्षा की।

विदेश राज्य मंत्री सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "सऊदी अरब के विदेश मामलों और जलवायु मामलों के दूत तथा राज्य मंत्री आदिल अल-जुबैर के साथ गर्मजोशी और सार्थक बैठक हुई। भारत-सऊदी अरब के उत्कृष्ट द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और जलवायु कार्रवाई में सहयोग पर चर्चा की।"

इससे पहले रविवार को कीर्ति वर्धन सिंह ने सऊदी अरब के मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्री अहमद बिन सुलैमान अल-राजही से मुलाकात की और श्रम तथा जनशक्ति क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।

उन्होंने एक्स पर लिखा, "सऊदी अरब के मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्री अहमद बिन सुलैमान अल-राजही से मिलकर प्रसन्नता हुई। भारत-सऊदी अरब सहयोग को श्रम एवं जनशक्ति क्षेत्र में और मजबूत बनाने पर व्यापक चर्चा हुई, जो हमारी रणनीतिक साझेदारी की गहराई और बढ़ती गति को दर्शाती है। निमंत्रण और गर्मजोशीपूर्ण आतिथ्य के लिए मैं उनका आभारी हूं।"

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह शनिवार को अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर सऊदी अरब पहुंचे थे, जहां उनका स्वागत सऊदी अरब के मानव संसाधन एवं सामाजिक विकास मंत्रालय के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय मामलों के उपमंत्री तारिक अल हमाद ने किया।

सिंह ने एक्स पर कहा, "द्विपक्षीय यात्रा पर रियाद पहुंचा। भारत के राजदूत विपुल और मानव संसाधन एवं सामाजिक विकास मंत्रालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के उपमंत्री तारिक अल हमाद ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मैं सऊदी समकक्षों के साथ सार्थक बैठकों तथा यहां रहने वाले भारतीय समुदाय और व्यापारिक नेताओं से उपयोगी बातचीत की आशा करता हूं।"

विदेश मंत्रालय के अनुसार, 8 सितंबर तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान कीर्ति वर्धन सिंह पर्यावरण, जल और कृषि मामलों के उपमंत्री सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात करेंगे।

यात्रा के दौरान वह सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय समुदाय के विभिन्न वर्गों, भारतीय कारोबारियों, उद्यमियों और पेशेवरों से भी संवाद करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, "वे भारतीय श्रमिकों से भी मुलाकात करेंगे, जो विदेशों में कार्यरत भारतीय श्रमिकों के कल्याण के प्रति भारत सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।"

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी