पनामा के विदेश मंत्री जेवियर से मिली राजदूत प्रतिभा पार्कर, द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर हुई चर्चा
पनामा सिटी, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। पनामा में भारत की राजदूत प्रतिभा पार्कर और पनामा के विदेश मंत्री जेवियर मार्टिनेज-आचा ने शुक्रवार को बैठक की। इस दौरान भारत और पनामा के साझा हितों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की और आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।
पनामा में भारतीय दूतावास ने इस मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने विभिन्न पारस्परिक हितों के मुद्दों पर चर्चा की और भारत-पनामा संबंधों को और गहरा और मजबूत बनाने के उपायों पर विचार साझा किए।
प्रतिभा पार्कर ने हाल ही में पनामा के राष्ट्रपति जोस राउल मुलिनो को अपना परिचय पत्र सौंपा। उन्होंने विदेश मंत्री जेवियर मार्टिनेज-अचा को भी अपने परिचय पत्र प्रस्तुत किए।
इससे पहले 29 सितंबर को प्रतिभा पार्कर ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ओर से नियुक्त किए जाने के बाद पनामा में भारत की राजदूत के रूप में पदभार संभाला था।
इस साल जुलाई में पनामा के विदेश मंत्री जोवियर मार्टिनेज-अचा वास्केज आधिकारिक दौरे पर भारत आए थे। इस दौरान उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की थी। बैठक में दोनों नेताओं ने व्यापार, विकास, व्यवसाय, समुद्री सहयोग, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और डिजिटल क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इसके अलावा विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आपसी सहयोग को भी लेकर विचार-विमर्श हुआ।
उस समय जयशंकर ने 'एक्स' पर लिखा था, "नई दिल्ली में पनामा के विदेश मंत्री जोवियर मार्टिनेज-अचा वास्केज से मिलकर खुशी हुई। लैटिन अमेरिका और कैरेबियाई क्षेत्र के प्रवेश द्वार के रूप में पनामा के साथ भारत की भागीदारी को और मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया गया।"
उन्होंने कहा था कि बातचीत में व्यापार, व्यवसाय, विकास, समुद्री सहयोग, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और डिजिटल सहयोग जैसे कई क्षेत्रों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
भारत यात्रा के दौरान जोवियर मार्टिनेज-अचा वास्केज ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से भी मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल सहयोग और कारोबारी साझेदारी को मजबूत बनाने पर चर्चा की।
भारतीय दूतावास के अनुसार, इस बैठक में दोनों देशों के बीच बाजार तक पहुंच को बेहतर बनाने, द्विपक्षीय व्यापार के नए अवसर तलाशने और भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, खासकर यूपीआई, का उपयोग करते हुए डिजिटल भुगतान और डिजिटल प्रशासन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार किया गया।
कुल मिलाकर भारत और पनामा दोनों देश व्यापार, निवेश, डिजिटल तकनीक, समुद्री सहयोग और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में अपने संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी
