Aapka Rajasthan

भारत ने नाउरू को दी स्वास्थ्य सहायता, जेनेरिक दवाइयां और मेडिकल सामग्री की भेंट

कैनबरा, 2 जुलाई (आईएएनएस)। भारत ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के उत्तर-पूर्व में माइक्रोनेशिया क्षेत्र में स्थित छोटे द्वीपीय देश नाउरू को प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना (जन औषधि) के तहत उपलब्ध जेनेरिक दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की खेप भेंट की।
 

कैनबरा, 2 जुलाई (आईएएनएस)। भारत ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के उत्तर-पूर्व में माइक्रोनेशिया क्षेत्र में स्थित छोटे द्वीपीय देश नाउरू को प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना (जन औषधि) के तहत उपलब्ध जेनेरिक दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की खेप भेंट की।

कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारत को नाउरू को जन औषधि की जेनेरिक दवाइयों और चिकित्सा सामग्री की सहायता प्रदान करने पर गर्व है। यह प्रशांत क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा और आपसी हित के अन्य क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने के लिए भारत-प्रशांत द्वीप सहयोग मंच (एफआईपीआईसी) के तहत हमारी प्रतिबद्धता को दिखाता है।”

उच्चायोग ने कहा, “यह मदद नाउरू के साथ हमारी लंबे समय से चली आ रही दोस्ती और साझेदारी को दर्शाती है। साथ ही यह ग्लोबल साउथ के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता को भी दिखाती है, जिसके तहत सस्ती और अच्छी गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है और भरोसेमंद और आपसी हितों पर आधारित साझेदारी के जरिए विकास को आगे बढ़ाया जा रहा है।”

भारत, नाउरू के विकास में एक अहम साझेदार रहा है और वहां भारत की मदद की काफी सराहना होती है। 1960 के दशक की शुरुआत में भारत ने संयुक्त राष्ट्र में नाउरू की आजादी का समर्थन करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे उस समय सोवियत संघ (यूएसएसआर) का भी समर्थन मिला था। इसी वजह से नाउरू भारत के प्रति खास सम्मान रखता है।

पिछले साल नवंबर में कैनबरा में भारत के उच्चायुक्त ने नाउरू के राष्ट्रपति से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि भारत नाउरू के विकास में हर संभव सहयोग देने और अलग-अलग क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

अगस्त 2025 में भारत और नाउरू ने ‘साइकिलिंग फॉर ए स्ट्रॉन्गर नाउरू’ परियोजना को लागू करने के लिए एक समझौता (एमओयू) भी किया था।

‘साइकिलिंग फॉर ए स्ट्रॉन्गर नाउरू-खिलाड़ियों को तैयार करना और साइकिलिंग के जरिए बेहतर स्वास्थ्य को बढ़ावा देना’ नाम की इस परियोजना को भारत की ओर से दी गई अनुदान सहायता से लागू किया जा रहा है। इससे स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत और नाउरू के बीच सहयोग और मजबूत हुआ है।

पिछले साल भारत ने नाउरू के लोगों को सौर ऊर्जा से जुड़े उपकरण और आजीविका से जुड़ी सामग्री भी भेंट की थी, जिससे दोनों देशों के बीच विकास सहयोग और मजबूत हुआ।

भारतीय उच्चायोग ने 'एक्स' पर लिखा था, “भारत सरकार की ओर से बेयरफुट कॉलेज ने सोलर होम लाइटिंग सिस्टम लगाने और उनकी देखभाल करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। यह भारत और नाउरू के बीच मजबूत विकास साझेदारी का एक बेहतरीन उदाहरण है।”

--आईएएनएस

एवाई/वीसी