नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर की मुलाकात, दोनों देशों की खास दोस्ती पर की चर्चा
नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भारत, नेपाल के साथ अपनी विशेष और गहरी दोस्ती को बहुत महत्व देता है।
बालेंद्र शाह प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर दो दिवसीय राजकीय यात्रा के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं। हवाई अड्डे पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया।
मुलाकात के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, "आज शाम नई दिल्ली यात्रा पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से मुलाकात करके खुशी हुई। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह के बीच होने वाली बैठकों का इंतजार है।''
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा, "राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का हार्दिक स्वागत है। हवाई अड्डे पर वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चली आ रही बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने का एक अवसर है।"
प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह के बीच होने वाली बातचीत में ऊर्जा, व्यापार, कनेक्टिविटी, परिवहन और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे अहम मुद्दों पर विशेष ध्यान रहने की उम्मीद है। यह प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा है। उन्होंने इसी साल मार्च में नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। पद संभालने के बाद वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क भी गए थे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, सोमवार को बालेंद्र शाह और प्रधानमंत्री मोदी की औपचारिक बैठक होगी। इसमें दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में बताया था कि बालेंद्र शाह और प्रधानमंत्री मोदी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी, जिसमें दोनों देशों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच सहयोग को मजबूत करने तथा आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर आगे बढ़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम
