Aapka Rajasthan

बांग्लादेश को भारत का कूटनीतिक संदेश: उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी को कैबिनेट मंत्री के समकक्ष दर्जा

ढाका, 25 जून (आईएएनएस)। भारत सरकार ने बांग्लादेश में अपने उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी को केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के बराबर का दर्जा दिया है। इससे यह संकेत मिलता है कि नई दिल्ली, ढाका के साथ अपने संबंधों को कितना महत्व देती है।
 

ढाका, 25 जून (आईएएनएस)। भारत सरकार ने बांग्लादेश में अपने उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी को केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के बराबर का दर्जा दिया है। इससे यह संकेत मिलता है कि नई दिल्ली, ढाका के साथ अपने संबंधों को कितना महत्व देती है।

गृह मंत्रालय द्वारा जारी एक कार्यालय ज्ञापन में कहा गया, "बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी को वरीयता क्रम (टेबल ऑफ प्रीसिडेंस) में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के समकक्ष दर्जा प्रदान किया गया है। यह दर्जा व्यक्तिगत रूप से उन्हें दिया गया है और इसके लिए वरीयता क्रम में कोई संशोधन नहीं किया गया है। यह व्यवस्था केवल औपचारिक और समारोह संबंधी कार्यक्रमों के लिए लागू होगी।”

इस बीच भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने नए उच्चायुक्त को शुभकामनाएं देते हुए उनकी भूमिका के महत्व को रेखांकित किया।

सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा, “भारत के नए उच्चायुक्त के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे दिनेश त्रिवेदी को मेरी शुभकामनाएं। दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत के रूप में मैं उनके साथ निकटता से काम करने की उम्मीद करता हूं।”

इससे पहले गुरुवार को दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को अपना परिचय-पत्र सौंपा और दोनों देशों के लोगों के हित में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने एक्स पर कहा, “बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने आज बंगभवन में बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शाहाबुद्दीन को अपना परिचय-पत्र प्रस्तुत किया। उच्चायुक्त ने भारत सरकार और भारतीय जनता की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा दोनों संप्रभु देशों के लोगों के पारस्परिक कल्याण के लिए बहुआयामी भारत-बांग्लादेश साझेदारी को और मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।”

इस बीच स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भारत ने लगभग दो वर्ष बाद बांग्लादेशी नागरिकों के लिए पर्यटक वीजा जारी करना फिर से शुरू कर दिया है। जुलाई 2024 में हुए प्रदर्शनों के बाद यह सेवा अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई थी।

इसकी घोषणा उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार को ढाका स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (इंडियन वीजा एप्लिकेशन सेंटर) के दौरे के दौरान की। यह केंद्र जमुना फ्यूचर पार्क में स्थित है।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी