अंगोला के विदेश मंत्री से मिले राजदूत विधु पी. नायर, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर हुई चर्चा
लुआंडा, 29 नवंबर (आईएएनएस)। अंगोला में भारत के राजदूत विधु पी. नायर ने देश के विदेश मंत्री टेटे एंटोनियो से मुलाकात की। इस दौरान भारत-अंगोला संयुक्त आयोग की आगामी बैठक को लेकर चर्चा हुई। दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे दोस्ताना संबंधों को और मजबूत बनाने के तरीकों पर भी बातचीत हुई।
अंगोला की राजधानी लुआंडा में स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा कि दोनों पक्षों ने भारत और अंगोला के बीच होने वाली आगामी संयुक्त आयोग बैठक की तैयारियों पर चर्चा की। साथ ही आपसी सहयोग को और आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया।
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब पिछले साल भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अंगोला की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा की थी। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की अंगोला की पहली यात्रा थी। यह दौरा दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के 40 साल पूरे होने के अवसर पर हुआ था।
नवंबर 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लुआंडा में अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुएल गोंकाल्वेस लोरेंको से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, रक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई थी।
उस समय राष्ट्रपति सचिवालय ने बयान जारी कर कहा था कि भारत, अंगोला के विकास में एक भरोसेमंद भागीदार बनने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सहयोग न केवल द्विपक्षीय स्तर पर बल्कि भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन के व्यापक ढांचे के तहत भी जारी रहेगा।
राष्ट्रपति मुर्मु के लुआंडा पहुंचने पर विदेश मंत्री टेटे एंटोनियो ने उनका स्वागत किया था। अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति ने 11 नवंबर को अंगोला की आजादी की 50वीं वर्षगांठ के कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया था।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और अंगोला ने 30 जनवरी 2017 को संयुक्त आयोग की स्थापना के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद 7 सितंबर 2020 को विदेश मंत्री एस. जयशंकर और टेटे एंटोनियो ने वर्चुअल माध्यम से इसकी पहली बैठक की सह-अध्यक्षता की थी।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों ने आपसी संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं की व्यापक समीक्षा की थी और व्यापारिक संबंधों को और विविध बनाने पर सहमति बनाई थी। चर्चा के दौरान स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, रक्षा, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, डिजिटलीकरण और दूरसंचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर खास जोर दिया गया था।
भारत और अंगोला के बीच बढ़ता सहयोग दोनों देशों के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है और भविष्य में कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी और मजबूत होने की उम्मीद है।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी
