नई दिल्ली में भारत-पुर्तगाल के बीच वार्ता, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श
नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और पुर्तगाल ने गुरुवार को नई दिल्ली में विदेश कार्यालय परामर्श (फॉरेन ऑफिस कंसल्टेशंस) के छठे दौर की बैठक आयोजित की। इस दौरान दोनों देशों ने विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की और आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और पुर्तगाल के विदेश मंत्रालय में विदेश नीति महानिदेशक हेलेना मालकाता ने की।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा, "सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने पुर्तगाल के विदेश मंत्रालय की विदेश नीति महानिदेशक हेलेना के साथ भारत-पुर्तगाल विदेश कार्यालय परामर्श के छठे दौर की सह अध्यक्षता की। दोनों पक्षों ने विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।"
इस वर्ष 10 जून को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पुर्तगाल के राष्ट्रीय दिवस पर अपने समकक्ष पाउलो रेंजल और वहां की जनता को शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने की इच्छा भी जताई थी।
एस. जयशंकर ने एक्स पर लिखा था, "पुर्तगाल के विदेश मंत्री पाउलो रेंजल, वहां की सरकार और जनता को राष्ट्रीय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी के तहत द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ने की आशा है।"
मई में पुर्तगाल के आर्थिक मामलों के राज्य सचिव जोआओ रूई फरेरा ने कहा था कि भारत और पुर्तगाल के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के व्यापक अवसर मौजूद हैं। उन्होंने कहा था कि दोनों देश केवल व्यापार तक सीमित न रहकर विनिर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में भी साझेदारी बढ़ा सकते हैं।
आईएएनएस से विशेष बातचीत में फरेरा ने कहा था, "पिछले 10 वर्षों में हमने काफी प्रगति की है और दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, हालांकि वैश्विक आंकड़ों के आधार पर देखें तो हम अभी अपनी पूरी क्षमता तक नहीं पहुंचे हैं। मेरी नजर में यह केवल व्यापार बढ़ाने का मामला नहीं, बल्कि भविष्य की एक रणनीतिक साझेदारी है।"
उन्होंने कहा कि यह साझेदारी पुर्तगाल की विशेषज्ञता, कौशल और क्षमताओं को भारत की आधारभूत ढांचे और औद्योगिकीकरण की महत्वाकांक्षी योजनाओं के साथ जोड़ती है।
फरेरा के अनुसार, नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में पुर्तगाल भारत के सतत विकास, अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन के लक्ष्यों को हासिल करने में अपनी विशेषज्ञता और अनुभव से सहयोग कर सकता है।
उन्होंने कहा कि उन्नत विनिर्माण (एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग) भी सहयोग का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है, क्योंकि इंजीनियरिंग के क्षेत्र में पुर्तगाल की मजबूत पकड़ है और यूरोप में इंजीनियरिंग स्नातकों की संख्या के मामले में वह अग्रणी देशों में शामिल है।
उन्होंने कहा, "हम अपने उत्पादों, मशीनरी और टूलिंग की गुणवत्ता के लिए पहचाने जाते हैं। इसके अलावा जीवन विज्ञान, फार्मास्युटिकल्स, कृषि एवं खाद्य उद्योग तथा पर्यटन क्षेत्र में भी व्यापक संभावनाएं हैं।"
फरेरा ने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ाने की जरूरत है और दोनों सरकारों के बीच सीधी उड़ान शुरू करने की संभावना पर विचार-विमर्श जारी है। उनके अनुसार, यह कदम व्यापार और द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।
--आईएएनएस
वीसी
