Aapka Rajasthan

भारत-कुवैत राजनयिक संबंधों के 65 वर्ष, सिबी जॉर्ज ने दोनों देशों की साझेदारी को मजबूत बनाने पर दिया जोर

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय (एमईए) में पश्चिम सचिव सिबी जॉर्ज ने भारत और कुवैत के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 65 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
 

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय (एमईए) में पश्चिम सचिव सिबी जॉर्ज ने भारत और कुवैत के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 65 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए सिबी जॉर्ज ने कुवैत की सरकार और वहां की जनता को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत और कुवैत के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत संबंधों की सराहना की और कहा कि भारत दोनों देशों की साझेदारी को आगे भी और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि सिबी जॉर्ज ने दोनों देशों के बीच सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। 9 सितंबर को विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (गल्फ) असीम महाजन ने कुवैत की कानूनी मामलों की सहायक विदेश मंत्री तहानी राशिद अल-नासिर से मुलाकात की थी। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और भारत-कुवैत रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की।

कुवैत स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, दोनों देशों ने आपसी हितों से जुड़े कई क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया। आठ सितंबर को भारत और कुवैत के बीच आठवें 'विदेश कार्यालय परामर्श' का आयोजन हुआ था। इस बैठक में दोनों देशों ने व्यापार, निवेश, राजनीतिक संबंध, रक्षा, सुरक्षा, ऊर्जा, तकनीक, कृषि, स्वास्थ्य, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

दोनों पक्षों ने संयुक्त सहयोग आयोग (जेसीसी) के तहत गठित संयुक्त कार्य समूहों (जेडब्‍ल्‍यूजी) की बैठकों में हुई प्रगति की भी समीक्षा की। इसके अलावा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया। यह बैठक कुवैत में आयोजित हुई थी, जिसकी सह-अध्यक्षता भारत की ओर से असीम महाजन और कुवैत की ओर से एशियाई मामलों के सहायक विदेश मंत्री नवाफ अब्दुल्लातिफ सुलेमान अल-अहमद ने की।

बैठक के अंत में दोनों देशों ने सहमति जताई कि विदेश कार्यालय परामर्श का अगला दौर नई दिल्ली में आपसी सहूलियत के अनुसार तय तारीख पर आयोजित किया जाएगा।

हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठकों और चर्चाओं से यह साफ है कि भारत और कुवैत व्यापार, ऊर्जा, सुरक्षा, तकनीक और लोगों के आपसी संबंधों समेत कई क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। 65 वर्षों की यह साझेदारी अब एक व्यापक रणनीतिक संबंध का रूप ले चुकी है।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी