भारत ने मौजूदा हालात के बीच सऊदी अरब में अपने नागरिकों को सावधानी बरतने की दी सलाह
रियाद, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत ने रविवार को सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों को मौजूदा हालात को देखते हुए जरूरी सावधानियां बरतने, हवाई हमले की स्थिति में निकटतम सुरक्षित स्थान पर जाने और चल रही घटनाओं से संबंधित कोई भी जानकारी, फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करने, प्रकाशित करने या साझा करने से बचने की सलाह दी।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "सऊदी अरब में भारतीय समुदाय को मौजूदा स्थिति में उचित सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। हवाई हमले की स्थिति में, तुरंत निकटतम सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और चल रही घटनाओं से संबंधित कोई भी जानकारी, फोटो या वीडियो फिल्माने, प्रकाशित करने या साझा करने से बचें।"
दूतावास ने कहा कि उसके अधिकारी उन अस्पतालों का दौरा करना जारी रखे हुए हैं, जहां भारतीय नागरिकों का इलाज चल रहा है और वे उनके परिवारों के साथ लगातार संपर्क में हैं और जरूरी सहायता प्रदान कर रहे हैं।
दूतावास ने बताया कि रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन बंद है। बयान के अनुसार, दम्मम, जेद्दा और मदीना हवाई अड्डे चालू हैं, हालांकि कुछ व्यवधान जारी हैं।
दूतावास ने उल्लेख किया कि भारतीय विमान कंपनियों ने सऊदी अरब से आने-जाने वाली उड़ानों को निलंबित कर दिया है। इसने भारत यात्रा करने के इच्छुक लोगों के लिए उपलब्ध उड़ान विकल्पों के बारे में भी जानकारी दी।
भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारतीय विमान कंपनियों ने सऊदी अरब से आने-जाने वाली उड़ानों के निलंबन को बढ़ा दिया है: एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो- सभी रूटों पर 24 अक्टूबर तक। अकासा एयर- सभी रूटों पर 27 अक्टूबर तक।"
दूतावास ने आगे कहा, "कुछ उपलब्ध उड़ान विकल्प हैं: सउदिया: दम्मम, जेद्दा और मदीना से भारत के लिए निर्धारित उड़ानें। फ्लाइनास: दम्मम-दिल्ली और दम्मम-मुंबई उड़ानें (17-24 अक्टूबर); दम्मम-लखनऊ सेवाएं निर्धारित समय पर जारी हैं। फ्लाईएडील: 17-18 अक्टूबर को दम्मम-मुंबई उड़ानें।"
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने कहा कि जिन भारतीय नागरिकों को तत्काल रवाना होने की जरूरत है, वे जरूरी वीजा प्राप्त करने की शर्त पर बहरीन, कुवैत या कतर के रास्ते ट्रांजिट करने पर विचार कर सकते हैं।
सऊदी अरब की यात्रा करने की योजना बना रहे भारतीय नागरिकों, जिनमें उमराह के लिए जाने वाले लोग भी शामिल हैं, को सऊदी हवाई अड्डों पर जारी व्यवधानों और उड़ानें रद्द होने की संभावना को ध्यान में रखने की सलाह दी गई है।
भारत ने सऊदी अरब में नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए हमलों की निंदा को दोहराते हुए उन्हें अस्वीकार्य बताया और अपनी संप्रभुता की रक्षा में सऊदी अरब के साथ एकजुटता व्यक्त की।
--आईएएनएस
केके/एबीएम
