‘भजन क्लबिंग’ ट्रेंड बना नई पीढ़ी की पहचान, मेलबर्न में पीएम मोदी ने किया जिक्र
मेलबर्न, 9 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत की नई पीढ़ी में तेजी से लोकप्रिय हो रहे ‘भजन क्लबिंग’ ट्रेंड का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रतीक है कि भारत की युवा पीढ़ी आधुनिकता के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जड़ों से भी जुड़ी हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आपने सुना होगा कि भारत में आजकल 'भजन क्लबिंग' का नया ट्रेंड चल रहा है। हमारी जेन-जी इसे आगे बढ़ा रही है।"
पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया में प्रवासी भारतीयों के बीच बढ़ती धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का जिक्र करते हुए आगे कहा, "और यहां ऑस्ट्रेलिया में भी, मैंने सुना है कि आपके वीकेंड भी आस्था और आध्यात्मिकता से भरे होते हैं। कहीं किसी के घर में भगवान सत्यनारायण की कथा हो रही है, तो कहीं गुरुद्वारे में प्रार्थना, कहीं बच्चे भांगड़ा कर रहे हैं या भरतनाट्यम की प्रस्तुति दे रहे हैं, या फिर कोई क्रिकेट टूर्नामेंट चल रहा है।"
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि अगले कुछ दिनों में मेलबर्न में भारतीय फिल्म महोत्सव का आयोजन शुरू होने जा रहा है। उन्होंने आयोजकों और प्रतिभागियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए इस आयोजन की सफलता की कामना की।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के संकल्प का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज का भारत 'ग्रो मोर, अचीव मोर' मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है, जहां एक सपना पूरा होने के बाद हजारों नए सपने जन्म लेते हैं और हर उपलब्धि देश को और बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाएं ही देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और यही ऊर्जा भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है।
मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों भारतीय मूल के लोग मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी जैसे ही ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ मंच पर पहुंचे, पूरा स्टेडियम "मोदी... मोदी..." के नारों से गूंज उठा। उत्साह से भरे इस आयोजन ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत होते जनसंपर्क और सांस्कृतिक रिश्तों की एक भव्य झलक पेश की।
--आईएएनएस
केआर/
