ओडिशा में जारी रहेगा भीषण गर्मी का प्रकोप, ऑरेंज अलर्ट जारी
भुवनेश्वर, 20 मई (आईएएनएस)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भुवनेश्वर केंद्र ने चेतावनी दी है कि ओडिशा के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक लू, गर्म रातें और उमस भरी गर्मी का असर जारी रहेगा।
भुवनेश्वर मौसम केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के 21 स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार, बुधवार को झारसुगुड़ा में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं संबलपुर में 45.3 डिग्री और हीराकुंड में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राज्य के कई अन्य इलाकों में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए संबलपुर और बलांगीर जिलों में एक-दो स्थानों पर लू से लेकर भीषण लू चलने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा भद्रक, जाजपुर, झारसुगुड़ा, अंगुल, सोनपुर, बौध और नयागढ़ जिलों के कुछ इलाकों के लिए भी ऑरेंज चेतावनी जारी की गई है।
आईएमडी ने यह भी कहा कि संबलपुर और बलांगीर में गर्म रातों की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि बालासोर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, सुंदरगढ़, बरगढ़, नुआपाड़ा, कालाहांडी, गजपति, गंजाम, पुरी और खुर्दा जिलों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई जिलों में अगले दो दिनों तक लू की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।
आईएमडी ने लोगों को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक तेज धूप में लंबे समय तक बाहर रहने से बचने की सलाह दी है। विभाग ने लोगों से अधिकतर समय घर के अंदर रहने और गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने को कहा है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधी खतरे को लेकर भी आगाह किया है।
--आईएएनएस
डीएससी
