Aapka Rajasthan

आईआईटी-बॉम्बे के छात्र की मौत के बाद मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित

मुंबई, 24 सितंबर (आईएएनएस)। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी), बॉम्बे ने गुरुवार को घोषणा की कि उसने दूसरे वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के कारण मिड-सेमेस्टर परीक्षा टाल दी गई है।
 

मुंबई, 24 सितंबर (आईएएनएस)। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी), बॉम्बे ने गुरुवार को घोषणा की कि उसने दूसरे वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के कारण मिड-सेमेस्टर परीक्षा टाल दी गई है।

आईआईटी-बॉम्बे ने एक बयान में कहा कि जो मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं पहले 26 और 27 सितंबर को होनी थीं, उन्हें अब 10 और 11 अक्टूबर को कराया जाएगा और नई तारीखों पर होने वाली परीक्षाओं का टाइम-टेबल वही रहेगा।

बुधवार को संस्थान ने बताया कि आईआईटी-पवई कैंपस में क्लासें फिर से शुरू हो गई हैं। वाकोडे की कथित आत्महत्या के बाद विरोध-प्रदर्शन हुए थे, जिसके कुछ दिनों बाद यह कदम उठाया गया।

इस बीच, महाराष्ट्र कांग्रेस ने गुरुवार को बताया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने साहिल के परिवार से फोन पर बात की और उन्हें न्याय की लड़ाई में समर्थन का भरोसा दिलाया।

पार्टी की राज्य इकाई के अनुसार, गांधी ने परिवार के प्रति एकजुटता दिखाई और साहिल को न्याय दिलाने में हर संभव मदद का भरोसा दिया।

साहिल की मौत के बाद उनके परिवार ने आईआईटी-बॉम्बे प्रशासन और कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच अभी इस मामले की जांच कर रही है।

यूथ कांग्रेस भी गुरुवार दोपहर इस मामले को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली है। उम्मीद है कि संगठन इस मामले में अपनी भविष्य की रणनीति और आगे की कार्रवाई की घोषणा करेगा।

मुंबई पुलिस ने बुधवार को कहा कि वाकोडे की मौत की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की कि वे इस मामले के बारे में गलत जानकारी न फैलाएं।

सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले वाकोडे की मौत के मामले में नाम आने के बाद आईआईटी-बॉम्बे के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को चल रही जांच के दौरान छुट्टी पर भेज दिया गया था।

वाकोडे के माता-पिता ने डूला की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। छात्र की मौत के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने और जाति-आधारित भेदभाव जैसे आरोपों में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक के दूसरे वर्ष के छात्र वाकोडे 18 सितंबर की शाम को पवई कैंपस में अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटके पाए गए थे। यह घटना मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के कुछ घंटों बाद हुई थी।

--आईएएनएस

डीके/पीएम