कश्मीर में सर्दियों से पहले सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा, आईजीपी सुजीत कुमार सिंह ने की बैठक
श्रीनगर, 22 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सर्दियों के मौसम को देखते हुए कश्मीर घाटी में सुरक्षा तैयारियों और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग की समीक्षा की। इस संबंध में रविवार को कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) सुजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया गया।
बैठक में कश्मीर जोन के सभी जिलों के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शामिल हुए। सम्मेलन में जनता का विश्वास मजबूत करने, जवाबदेह और संवेदनशील पुलिसिंग को बढ़ावा देने तथा सर्दियों से पहले पूरे जोन में सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस दौरान पेशेवर पुलिसिंग, प्रभावी जनसेवा, जवाबदेही और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने पर जोर दिया गया। साथ ही, सर्दियों के चुनौतीपूर्ण महीनों में सभी जिलों में पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए तैयारियों का आकलन किया गया।
जम्मू-कश्मीर में सर्दियों के दौरान शून्य से नीचे तापमान, भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण सुरक्षा बलों के सामने कई चुनौतियां आती हैं। खासकर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित होने से जवानों की आवाजाही, गश्त और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई प्रभावित हो सकती है।
इसके अलावा, सर्दियों के दौरान नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशों, आतंकवादी गतिविधियों और ओवरग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) तथा हाइब्रिड आतंकियों की गतिविधियों को लेकर भी सुरक्षा बलों को सतर्क रहना पड़ता है।
बैठक में संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने, खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करने, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और चोरी जैसी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
इसके साथ ही, कड़ाके की ठंड में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए पर्याप्त गर्माहट, आश्रय और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया गया, ताकि पुलिसकर्मी कठिन मौसम में भी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें। सम्मेलन के अंत में कश्मीर पुलिस ने पेशेवर कार्यशैली, जनसेवा, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
--आईएएनएस
डीएससी
