Aapka Rajasthan

अमृतसर में आईईडी और इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर बरामद, पुलिस को निशाना बनाने की साजिश नाकाम

चंडीगढ़, 16 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब के अमृतसर में ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की कथित आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने 690 ग्राम वजन का एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स बरामद किया है। यह सामान मोम से लिपटे एक पैकेट में रखा हुआ था।
 
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को बताया कि यह बरामदगी शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात की गई। बरामद विस्फोटक सामग्री को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संभाला गया और बम निरोधक दस्ते ने उसे निष्क्रिय कर दिया।

डीजीपी ने कहा कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने राष्ट्रविरोधी तत्वों की साजिश को विफल करते हुए सार्वजनिक सुरक्षा के लिए संभावित खतरे को टाल दिया है। उन्होंने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है और साजिश के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत पहले ही चेकिंग प्वाइंट बढ़ा दिए गए थे और सरकारी प्रतिष्ठानों की निगरानी भी कड़ी कर दी गई थी।

उन्होंने बताया कि 15-16 अगस्त की रात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) कुलबीर सिंह रात में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गग्गोमहल पुलिस चौकी के अधिकार क्षेत्र में उन्हें काले रंग का मोम से लिपटा एक संदिग्ध पैकेट पड़ा मिला।

पैकेट की जांच करने पर उसमें संदिग्ध आईईडी के साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स मिला।

एसएसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। दस्ते ने विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया, जबकि अन्य सामान को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

इस मामले में 16 अगस्त को अमृतसर ग्रामीण के रामदास थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस साजिश के पीछे मौजूद लोगों का पता लगाने में जुटी है।

--आईएएनएस

डीएससी