अमेरिकी बाजार में हुंडई और किआ का जलवा, हाइब्रिड और ईवी की मजबूत मांग से अक्टूबर में दर्ज की अब तक की सबसे बड़ी बिक्री
वाशिंगटन, 4 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों हुंडई मोटर और किआ ने अमेरिका में अक्टूबर के दौरान रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की है। कंपनियों के अनुसार, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की बढ़ती मांग ने बिक्री को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
दक्षिण कोरियाई ऑटोमोबाइल निर्माता कंपनी की अमेरिकी सहायक कंपनी हुंडई मोटर अमेरिका ने अक्टूबर में अमेरिका में 73,452 वाहनों की बिक्री की, जो पिछले वर्ष इसी महीने की 70,118 इकाइयों की तुलना में 5 प्रतिशत अधिक है। यह कंपनी के इतिहास में अक्टूबर महीने की सबसे अधिक बिक्री है।
हाइब्रिड वाहनों की मांग विशेष रूप से मजबूत रही। अक्टूबर में कंपनी की हाइब्रिड वाहन बिक्री में सालाना आधार पर 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह कुल मासिक बिक्री का 29 प्रतिशत हिस्सा रही। जनवरी से अक्टूबर की अवधि में हाइब्रिड बिक्री 50 प्रतिशत बढ़ गई।
मॉडल के आधार पर देखें तो सांता फे एसयूवी की बिक्री 52 प्रतिशत बढ़कर 17,959 इकाई हो गई, जबकि पैलिसेड एसयूवी की बिक्री 14 प्रतिशत बढ़कर 10,840 इकाई रही। इसके अलावा कोना कॉम्पैक्ट एसयूवी की बिक्री 21 प्रतिशत बढ़कर 6,029 इकाई और एलांट्रा सेडान की बिक्री 17 प्रतिशत बढ़कर 12,011 इकाई पर पहुंच गई।
इलेक्ट्रिक वाहन श्रेणी में आयॉनिक 5 की बिक्री भी 21 प्रतिशत बढ़कर 1,981 इकाई रही।
हुंडई मोटर उत्तरी अमेरिका के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रैंडी पार्कर ने कहा कि कंपनी ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ अक्टूबर प्रदर्शन किया है और ग्राहकों से सभी प्रमुख मॉडलों को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
जनवरी से अक्टूबर 2026 के दौरान हुंडई की कुल अमेरिकी बिक्री 3 प्रतिशत बढ़कर 7,70,916 वाहनों पर पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 7,48,467 इकाई थी।
वहीं किआ अमेरिका ने अक्टूबर में 80,008 वाहनों की बिक्री दर्ज की, जो एक साल पहले की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है। यह भी कंपनी के इतिहास का सबसे मजबूत अक्टूबर प्रदर्शन रहा।
किआ ने बताया कि हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता ने बिक्री को बढ़ावा दिया। कंपनी के इलेक्ट्रिक मॉडल ईवी9 की बिक्री 111 प्रतिशत बढ़कर 1,406 इकाई पहुंच गई। वहीं टेलुराइड एसयूवी की बिक्री 63 प्रतिशत बढ़कर 14,009 इकाई और ईवी6 की बिक्री 58 प्रतिशत बढ़कर 803 इकाई रही।
--आईएएनएस
डीबीपी
