Aapka Rajasthan

गृह मंत्री अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश में 932 नवनियुक्त कर्मियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

ईटानगर, 21 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को ईटानगर के पास बांदेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में आयोजित एक समारोह में पुलिस और अन्य विभागों में नवनियुक्त 932 कर्मियों को नियुक्ति पत्र बांटे।
 

ईटानगर, 21 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को ईटानगर के पास बांदेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में आयोजित एक समारोह में पुलिस और अन्य विभागों में नवनियुक्त 932 कर्मियों को नियुक्ति पत्र बांटे।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी 932 उम्मीदवारों को बधाई देते हुए बताया कि ये भर्तियां छह श्रेणियों के पदों के लिए की गई हैं। इनमें अरुणाचल राइफल्स की इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के 14 कांस्टेबल बैंड कर्मी, 235 आईआरबी कांस्टेबल, सिविल पुलिस में 157 महिला कांस्टेबल, सिविल पुलिस में 211 पुरुष कांस्टेबल, 72 फायरमैन और स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (एसटीपीएफ) के 243 कर्मी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में समारोह में शामिल होने और नवनियुक्त कर्मियों को खुद अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपने के लिए गृह मंत्री का आभार जताया।

पेमा खांडू ने कहा, "हम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आभारी हैं कि उन्होंने बांदेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और नवनियुक्त कर्मियों को खुद नियुक्ति पत्र सौंपे। सभी नवनियुक्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य और अरुणाचल प्रदेश की सेवा में उनके सफल करियर की कामना करता हूं।"

समारोह में उपमुख्यमंत्री चौना मीन, राज्य के गृह और अंतर-राज्य सीमा मामलों के मंत्री मामा नतुंग और पुलिस महानिदेशक राजेश कुमार भी मौजूद रहे।

उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक अलग पोस्ट में इस भर्ती को राज्य की पुलिस और सुरक्षा बलों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि इससे अरुणाचल प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं। यह हमारी पुलिस और सुरक्षा बलों को मजबूत करने और अरुणाचल प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा, “हम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के बहुत आभारी हैं कि उन्होंने बांदरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में आयोजित कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे।”

उन्होंने सभी नवनियुक्त कर्मियों को उनकी जिम्मेदारी और जनसेवा की नई यात्रा शुरू करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उपमुख्यमंत्री चौना मीन ने यह उम्मीद भी जताई कि नए कर्मी पूरी लगन, अनुशासन और ईमानदारी के साथ राज्य की सेवा करेंगे और एक सुरक्षित तथा मजबूत अरुणाचल प्रदेश के निर्माण में अपना योगदान देंगे।

राज्य के गृह मंत्री मामा नटुंग ने भी विश्वास जताया कि ये नई जिम्मेदारियां हर कर्मी को साहस, अनुशासन और ईमानदारी के साथ राज्य और यहां के लोगों की सेवा करने के लिए प्रेरित करेंगी।

इससे पहले, नियुक्ति पत्र बांटने से पहले गृह मंत्री शाह ने अरुणाचल प्रदेश पुलिस को प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर (राष्ट्रपति पुलिस ध्वज) प्रदान किया। यह भारत में किसी पुलिस बल को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है, जो उनकी विशिष्ट सेवा और उपलब्धियों के लिए दिया गया है।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी