Aapka Rajasthan

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में भारी बारिश से कई गांव हुए जलमग्न

विशाखापत्तनम, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। चक्रवात 'अर्नब' के कारण हुई भारी बारिश से आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कई गांव जलमग्न हो गए, जिससे सड़क और रेल संपर्क टूट गया और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा।
 

विशाखापत्तनम, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। चक्रवात 'अर्नब' के कारण हुई भारी बारिश से आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कई गांव जलमग्न हो गए, जिससे सड़क और रेल संपर्क टूट गया और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा।

भारी बारिश और पड़ोसी राज्य ओडिशा से आए बाढ़ के पानी के कारण गुरुवार को वमसाधारा, नागावली, महेंद्रतनया और बहुदा नदियां उफान पर थी।

पड़ोसी राज्य ओडिशा में अधिकारियों द्वारा बघलाती बांध के गेट खोल दिए जाने के कारण, ऊपरी इलाकों से आए भारी पानी की वजह से इचापुरम में बहुदा नदी का रूप विकराल हो गया। पानी के भारी बहाव के चलते श्रीकाकुलम जिले में नदी का जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ गया।

पिछले तीन दिनों की भारी बारिश और बहुदा नदी में आई बाढ़ के कारण, नेशनल हाईवे 16 पानी में डूब गया। इस वजह से हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

अधिकारियों ने बहुदा नदी के लिए तीसरी खतरे की चेतावनी जारी की है। बाढ़ के कारण इस इलाके के कई गांवों का संपर्क टूट गया है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें बचाव और राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। भारी बारिश और बाढ़ से जिले में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

सोमपेटा मंडल के तल्लाभद्र में रेलवे ट्रैक भी पानी में डूब गया, जिससे इस इलाके में ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई। श्रीकाकुलम जिले के कांचीली मंडल के जादुपुडी में भी रेलवे ट्रैक पानी में डूब गया, जिससे ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ।

श्रीकाकुलम और विशाखापत्तनम जिलों में कुछ जगहों पर रेलवे ट्रैक के पानी में डूब जाने के कारण, साउथ कोस्ट रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है या उनके रूट बदल दिए हैं।

बुधवार तड़के तट से टकराने वाले 'अर्नब' के कारण हुई भारी बारिश से, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कई जगहों पर सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। तट से टकराने के बाद, यह चक्रवात कमजोर होकर एक निम्न दबाव का क्षेत्र में बदल गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना दबाव 8.30 बजे उसी क्षेत्र में स्थित था। यह जगदलपुर से लगभग 40 किमी उत्तर-उत्तरपश्चिम, टिटलागढ़ (ओडिशा) से 180 किमी दक्षिण-पश्चिम, भवानीपटना (ओडिशा) से 150 किमी पश्चिम-दक्षिणपश्चिम, रायपुर (छत्तीसगढ़) से 200 किमी दक्षिण और संबलपुर (ओडिशा) से 310 किमी दक्षिण-पश्चिम में था।

इसके लगभग उत्तर की ओर आगे बढ़ते रहने और 29 अक्टूबर की शाम के आसपास उत्तरी छत्तीसगढ़ तथा उससे सटे उत्तर-पश्चिमी ओडिशा के ऊपर एक 'वेल-मार्क्ड लो-प्रेशर एरिया' में कमजोर हो जाने की प्रबल संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तरी आंध्र प्रदेश, पूर्वोत्तर तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और गांगेय पश्चिम बंगाल में व्यापक बारिश हुई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई, जबकि दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के कुछ अलग-अलग इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा, उत्तरी ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई और पूर्वोत्तर तेलंगाना, छत्तीसगढ़, झारखंड तथा गांगेय पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम