प्रेमिका ने शादी से किया इनकार, तो हाई वोल्टेज बिजली के खंभे पर चढ़ गया युवक
बेंगलुरु, 20 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक में प्रेमिका के शादी से इनकार करने पर प्रेमी बुधवार को एक बिजली के खंभे पर चढ़ गया, जिससे इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया। घटना बेंगलुरु के बाहरी इलाके अनेकल के चिन्नय्यनपाल्या गांव की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि सोमशेखर नाम के इस युवक का पिछले तीन साल से एक युवती के साथ संबंध था। युवती ने हाल ही में उससे शादी करने से इनकार कर दिया था और कथित तौर पर रिश्ता खत्म करने की कोशिश कर रही थी।
इससे नाराज होकर, सोमशेखर ने कथित तौर पर युवती के घर की छत पर लगे शीट्स को नुकसान पहुंचाकर हंगामा किया और फिर पास के एक हाई-टेंशन वाले बिजली के खंभे पर चढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक ने नीचे उतरने से इनकार कर दिया और जोर देकर कहा कि वह युवती के मौके पर पहुंचने के बाद ही नीचे उतरेगा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की बार-बार की अपील के बावजूद युवक ने सहयोग से इनकार कर दिया।
स्थिति को संभालने के लिए दमकल एवं बचाव दल को भी लगाया गया। इस बीच, बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। अधिकारी युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे।
खंभे से हाई वोल्टेज बिजली प्रवाहित होने का खतरा था, इसलिए एहतियात के तौर पर बिजली की आपूर्ति काट दी गई और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए बचाव अभियान चलाया गया।
गौरतलब है कि शादी न होने से निराश होकर, कोल्लेगल तालुक के मधुवनहल्ली की 27 वर्षीय मसाना शेट्टी ने 19 मार्च, 2025 को एक हाई-टेंशन बिजली की लाइन को पकड़कर आत्महत्या कर ली थी।
दरअसल, मृतक अपनी मां से अपने लिए वैवाहिक रिश्ता तय करने को कह रहा था। उसकी मां ने उसे सलाह दी थी कि वह शराब पीना छोड़ दे ताकि उसे अच्छा जीवनसाथी मिल सके। अपनी मां की सलाह मानते हुए शेट्टी ने पिछले कई महीनों से शराब पीना छोड़ दिया था, लेकिन उसके लिए सही रिश्ता मिलना दिन-प्रतिदिन मुश्किल होता जा रहा था। उसकी मां ने कई गांवों में देखने के बाद उसके लिए एक उपयुक्त दुल्हन ढूंढी, लेकिन उस दुल्हन के परिवार वाले रिश्ता आगे बढ़ाने को तैयार नहीं थे। मृतक के पास एक छोटा सा घर था, लेकिन अपनी कोई जमीन नहीं थी। इन्हीं कारणों से शादी की बात नहीं बन पाई थी।
उस घटना के बाद मृतक अवसाद में डूब गया था। इसके अलावा, वह खराब आर्थिक स्थिति को लेकर भी चिंतित था। उसकी मां उसकी हालत को लेकर बहुत परेशान थी।
--आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम
