हेड कोच गौतम गंभीर ने खाटू श्याम मंदिर में किए दर्शन, लिया आशीर्वाद
सीकर, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के हेड कोच और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने बुधवार को प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर समिति के सदस्यों ने विधि-विधान से उनके पूजा अनुष्ठान संपन्न कराए।
गंभीर के मंदिर पहुंचने पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रशंसक मौजूद रहे। कई लोग उनके साथ फोटो लेते और वीडियो बनाते नजर आए।
मीडिया से बातचीत में गंभीर ने अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा, “बाबा मुझे बुलाते हैं और उनका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहता है। मैं चाहता हूं कि बाबा मुझे बार-बार बुलाते रहें।”
उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा, “यहां दर्शन की व्यवस्था बहुत अच्छी है,” और उम्मीद जताई कि भविष्य में अधिक से अधिक श्रद्धालु यहां आकर बाबा का आशीर्वाद लेंगे।
गंभीर ने आगे कहा, “बाबा हारे का सहारा माने जाते हैं। जो भी व्यक्ति यहां हार के बाद शरण में आता है, उसे सकारात्मक परिणाम मिलता है।”
गौरतलब है कि गंभीर की कोचिंग में भारत ने पिछले महीने आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता था। 8 मार्च को भारत की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने न्यूज़ीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में 96 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस जीत के साथ भारत तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बना और घरेलू मैदान पर खिताब बचाने का कारनामा भी किया।
बता दें कि गौतम गंभीर 2007 टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य भी रह चुके हैं और अब खिलाड़ी व कोच दोनों रूप में यह खिताब जीतकर उन्होंने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ वह राहुल द्रविड़ और लालचंद राजपूत जैसे कोचों के खास क्लब में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताया है।
--आईएएनएस
डीएससी
