अमृतसर : भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल पहुंचे नायब सैनी, प्रदेश और देश की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
अमृतसर, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंजाब के अमृतसर स्थित पवित्र भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल में माथा टेका और देश तथा प्रदेश के लोगों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। पवित्र तीर्थ स्थल पहुंचने पर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान वाल्मीकि की जयंती के पावन अवसर पर देश और हरियाणा के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि का जीवन और उनकी शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी शिक्षाएं समाज में समानता, सौहार्द, भाईचारे और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति, आदर्श जीवन मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का अनुपम ग्रंथ है। भगवान वाल्मीकि के विचार लोगों को सत्य, धर्म, कर्तव्य और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उनकी शिक्षाएं समाज को एकजुट करने और सामाजिक सौहार्द बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने जरूरतमंद लाभार्थियों को ट्राइसाइकिल भी वितरित कीं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की मदद करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना, उनका जीवन आसान बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें भगवान वाल्मीकि की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज के हर वर्ग के सम्मान, कल्याण और उत्थान के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यही भगवान वाल्मीकि के प्रति सच्ची श्रद्धा और सम्मान होगा।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी
