हनुमान बेनीवाल ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और संसद मार्च को दिया समर्थन
जयपुर, 20 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के राष्ट्रीय संयोजक और नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और संसद तक निकाले जा रहे मार्च का समर्थन किया है।
हनुमान बेनीवाल ने कथित नीट पेपर लीक और परीक्षा में बार-बार हो रही गड़बड़ियों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध कर रहे छात्रों का साथ दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे छात्रों के समर्थन में वे लाठीचार्ज का सामना करने के लिए भी तैयार हैं।
बेनीवाल विरोध स्थल पर पहुंचे और 'संसद मार्च' में भाग ले रहे छात्रों के प्रति एकजुटता व्यक्त की। मार्च शुरू होने से पहले लोगों को संबोधित करते हुए बेनीवाल ने एनडीए सरकार पर छात्रों और उम्मीदवारों के भविष्य की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक और नीट विवाद को लेकर चिंताएं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सामने सर्वदलीय बैठक के दौरान जताई गईं।
बाद में जारी एक बयान में बेनीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों, युवाओं, किसानों और नागरिकों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठाने का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा राजस्थान और देश के युवाओं के साथ खड़े रहे हैं और निष्पक्ष व पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के लिए उनकी लड़ाई का समर्थन करते रहेंगे।
उधर, सोमवार को दिल्ली में प्रदर्शन और उग्र हुआ। प्रदर्शनकारियों ने संसद का घेराव करने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों को संसद की ओर बढ़ने से रोकने के लिए उन पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इसी बीच, प्रदर्शनकारियों के नजदीक पहुंचने पर संसद का मेन गेट भी बंद करना पड़ा। प्रदर्शनकारी अभी भी संसद भवन के आसपास डटे हुए हैं। पुलिस भी पूरी तरह से मुश्तैद है।
--आईएएनएस
डीसीएच/
