Aapka Rajasthan

गुजरात के सुरेंद्रनगर में ट्रक की टक्कर से 7 तीर्थयात्रियों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख

सुरेंद्रनगर, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात के सुरेंद्रनगर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 7 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पैदल तीर्थयात्रियों का एक ग्रुप राजकोट के गढ़का गांव से मंदिर दर्शन और झंडा फहराने की रस्म के लिए विरामगाम की ओर जा रहा था, तभी पीछे से एक डंपर ट्रक ने 7 लोगों को टक्कर मार दी। इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक व्यक्त किया है।
 
प्रधानमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी कि पीएम नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में हुई यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं।

जानकारी के अनुसार, लखतर-विरमगाम हाईवे पर लखतर के पास छराड ​​और भास्करपारा गांवों के बीच सोमवार देर रात यह हादसा हुआ। पीड़ित मुंधवा परिवार के सदस्य थे और करीब 700 श्रद्धालुओं के एक बड़े ग्रुप का हिस्सा थे, जो यह तीर्थयात्रा कर रहे थे।

मृतकों में पांच महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। उनकी पहचान मासा मुंधवा, जलूबेन मुंधवा, रानीबेन लंबरिया और वाजीबेन मुंधवा सहित अन्य लोगों के रूप में हुई है। कम से कम चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक बहुत तेज रफ्तार से चल रहा था और वह धीमा नहीं हो पाया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि तीर्थयात्री सड़क के किनारे-किनारे चल रहे थे, तभी एक ट्रक आया और लोगों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोग हाईवे पर दूर तक जाकर गिरे।

पीड़ितों के एक परिजन ने बताया, "झंडा फहराने के लिए हमारा मुहूर्त सुबह 8 बजे का था, इसलिए हम रात में भी पैदल चल रहे थे। रात करीब 1:20 बजे यह हादसा हुआ, जिसमें 7 की मौत हो गई।"

ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, जो मौके से फरार हो गया था। पुलिस इस घटना के बाद आगे की कार्रवाई कर रही है। स्थानीय विधायक पीके परमार ने देर रात घटनास्थल का दौरा किया।

--आईएएनएस

डीसीएच/