Aapka Rajasthan

गुजरात: 'एकता प्रकाश पर्व' का अवलोकन करने पहुंचे पीएम मोदी, कई परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे

एकता नगर, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के नर्मदा जिले स्थित एकता नगर में आयोजित 'एकता प्रकाश पर्व-2026' का दौरा किया। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती से एक दिन पहले उन्होंने देश के चारों क्षेत्रों की सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाने वाली आकर्षक प्रकाश सज्जाओं का अवलोकन किया।
 

एकता नगर, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के नर्मदा जिले स्थित एकता नगर में आयोजित 'एकता प्रकाश पर्व-2026' का दौरा किया। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती से एक दिन पहले उन्होंने देश के चारों क्षेत्रों की सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाने वाली आकर्षक प्रकाश सज्जाओं का अवलोकन किया।

प्रधानमंत्री ने प्रकाश महोत्सव के इनडोर हिस्से का निरीक्षण किया, जिसे उत्तर, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण भारत के चार जोनों में विभाजित किया गया है। इन प्रदर्शनों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत, स्थापत्य कला और परंपराओं को रोशनी और कलात्मक संरचनाओं के जरिए प्रस्तुत किया गया है।

उत्तर भारत जोन में राम मंदिर, हिमालयी संस्कृति तथा पंजाब और राजस्थान की लोक कलाओं को प्रदर्शित किया गया है। पूर्वी भारत खंड में असम के बिहू, ओडिशा की वास्तुकला और बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया है।

पश्चिम भारत जोन में गुजरात का गरबा, रानी की वाव, कच्छ की हस्तकलाएं और महाराष्ट्र की संस्कृति को प्रदर्शित किया गया है। वहीं दक्षिण भारत खंड में मीनाक्षी मंदिर, हम्पी और केरल की प्रसिद्ध नौका दौड़ को दिखाया गया है।

प्रधानमंत्री ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निकट बनाए गए आउटडोर हिस्से का भी भ्रमण किया। यहां 11 अलग-अलग थीम आधारित सेक्शन तैयार किए गए हैं, जिनमें रोशनी के माध्यम से भारतीय मूल्यों और परंपराओं को दर्शाया गया है।

इनमें 'भारत - सोने की चिड़िया', 'समय का चक्र', योग, लाइट टनल, प्रकाशित फूल, रंग-बिरंगे गुब्बारे और विभिन्न प्रकाश शिल्प शामिल हैं।

यह महोत्सव लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। वर्ष 2025 में इसके पहले संस्करण को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद इस बार भी इसका आयोजन किया गया है। 91 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन का हाल ही में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उद्घाटन किया था। 15 जनवरी 2027 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10:30 बजे तक पर्यटक इसका निशुल्क आनंद ले सकेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने एकता नगर में आयोजित 'भारत पर्व-2026' का भी उद्घाटन किया। इस सांस्कृतिक महोत्सव में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की लोक संस्कृति, लोक कलाएं, व्यंजन, हस्तशिल्प और पर्यटन आकर्षण प्रदर्शित किए जा रहे हैं। यह महोत्सव 15 नवंबर तक चलेगा।

शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री सुबह करीब 9 बजे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

इसके बाद वह स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र में 426.71 करोड़ रुपए की लागत वाली 31 पर्यटन और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

इनमें 307.83 करोड़ रुपए की लागत वाली 23 परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, जबकि 118.88 करोड़ रुपए की आठ परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी।

उद्घाटन होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में 50 करोड़ रुपए की लागत से बना आईआरसीटीसी होटल, 16 करोड़ रुपए की एकता क्रूज सेवा, 14.30 करोड़ रुपए का रेन फॉरेस्ट आकर्षण और 3.67 करोड़ रुपए की लागत वाली इको ट्रेल शामिल हैं।

इसके अलावा सीवेज और जल शोधन संयंत्र, ट्रैवलेटर, परेड ट्रैक, स्टाफ क्वार्टर, सड़क सुधार कार्य, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर की फसाड लाइटिंग और एकता प्रकाश पर्व का विकास भी इन परियोजनाओं में शामिल है।

शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में गोरा-भनादरा रोड, स्मार्ट जीरो-वेस्ट ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना, खलवानी इको-टूरिज्म परियोजना, एकीकृत कैक्टस एवं बटरफ्लाई गार्डन, सरदार सरोवर बांध के लिए आपदा नियंत्रण कक्ष और सड़क विकास कार्य शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा करेंगे। इसके बाद वह शाम करीब 5:30 बजे राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेंगे।

कार्यक्रम में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की भागीदारी वाली एकता परेड आयोजित की जाएगी।

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) की ओर से 'नक्सल मुक्त भारत' विषय पर नाट्य प्रस्तुति भी दी जाएगी, जिसमें वामपंथी उग्रवाद प्रभावित 126 जिलों के करीब 2,000 कलाकार हिस्सा लेंगे।

इसके अलावा 'वंदे मातरम' विषय पर आधारित झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें देशभर से लगभग 5,000 कलाकार भाग लेंगे।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी