Aapka Rajasthan

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर गोल्ड तस्करी का मामला, पैंट की जेब से 89 लाख रुपए का सोना बरामद

अहमदाबाद, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एसवीपीआईए) पर दुबई से आने के बाद भरूच जिले के एक 43 वर्षीय व्यक्ति को कस्टम अधिकारियों ने गिरफ्तार किया।
 

अहमदाबाद, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एसवीपीआईए) पर दुबई से आने के बाद भरूच जिले के एक 43 वर्षीय व्यक्ति को कस्टम अधिकारियों ने गिरफ्तार किया।

उस पर आरोप है कि वह अपनी पैंट की जेब में लगभग 89 लाख रुपए की सोने की छड़ें छिपाकर ले जा रहा था। इस संबंध में अधिकारियों ने शुक्रवार को जानकारी दी।

अहमदाबाद कस्टम की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) ने यात्री की प्रोफाइलिंग से मिली जानकारी के आधार पर, 9 अक्टूबर को दुबई से फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड-437 से आए इस यात्री को रोका।

जांच के दौरान, अधिकारियों को यात्री की पैंट की जेब में छिपाई गई 999.0 शुद्धता (जो 24-कैरेट सोने के बराबर है) वाली विदेशी मूल की सोने की पांच 'टीटी' छड़ें मिलीं।

कस्टम के मुताबिक, इन छड़ों का कुल वजन 582.700 ग्राम था और इनकी बाजार कीमत 88,97,829 रुपए थी। सोने की पूरी खेप को कस्टम एक्ट, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया और यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की आगे जांच चल रही है। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर विदेश से आने वाले यात्रियों से सोना बरामद होने के कई मामलों के बीच यह जब्ती हुई है।

इससे पहले, 6 अक्टूबर को कस्टम्स अधिकारियों ने कुवैत एयरवेज की फ्लाइट केयू-347 से कुवैत से आ रहे एक जोड़े को रोका और उनसे 308.710 ग्राम 24-कैरेट सोने के गहने बरामद किए, जिनकी कीमत लगभग 46.99 लाख रुपए थी।

अधिकारियों के अनुसार, चूड़ियां, चेन और पायल जैसे गहने सामान में और यात्रियों के शरीर पर छिपाकर रखे गए थे। सोना जब्त कर लिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

जुलाई में एक और मामले में, महाराष्ट्र के दो पुरुष यात्रियों को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पकड़ा गया था। आरोप था कि उन्होंने अपनी शर्ट के कॉलर में सोने का पेस्ट छिपा रखा था। ये यात्री 22 जुलाई को दुबई से आए थे। कस्टम्स विभाग ने बताया कि बरामद सामान को प्रोसेस करके 129.18 ग्राम वजन की 24-कैरेट सोने की टीटी बार में बदला गया, जिनकी कीमत 19.48 लाख रुपए थी।

फरवरी में सामने आए एक और मामले में, अबू धाबी से आए एक यात्री ने अहमदाबाद पहुंचने से पहले ही सोने को कैप्सूल में भरकर निगल लिया था। मेडिकल जांच में 135 ग्राम 24-कैरेट सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत 21.9 लाख रुपये है।

कस्टम अधिकारियों ने कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत इन मामलों में सोना जब्त किया है और तस्करी की कोशिश से जुड़े हालात का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी